Written by : Sanjay kumar
कोटा, 21 अप्रैल 2025।
रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, कोटा में आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महिला वर्ग के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता महिला पहलवानों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।


इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा, “कुश्ती सिर्फ एक खेल नहीं, हमारी परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली विरासत का हिस्सा है।” उन्होंने बताया कि मेलों और पर्वों में दंगल की परंपरा ने सदियों से ग्रामीण भारत में खेल को जीवित रखा है, जो अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को गौरवान्वित कर रही है।
दीया कुमारी ने बताया कि ओलंपिक सहित अन्य वैश्विक खेल आयोजनों में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरव दिलाया है, और इसमें महिला पहलवानों की भूमिका भी उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार राजस्थान में अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से संभव हो सका है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से हाड़ौती अंचल में कुश्ती को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां की बेटियां आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाएंगी। उन्होंने राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता और राष्ट्रीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष संजय सिंह का आयोजन के लिए आभार प्रकट किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री ने 50 किलो महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हरियाणा की विनिता, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली महाराष्ट्र की गौरी और संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही दिल्ली की श्रुति एवं कर्नाटक की श्वेता को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान राष्ट्रीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि राजस्थान में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन राज्य में कुश्ती के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विधायक संदीप शर्मा और राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने भी समारोह को संबोधित किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।