राज्य सरकार ने भाजपा जिला कार्यालय के भूमि आवंटन को दी मंजूरी, कांग्रेस सरकार के फैसले को किया निरस्त

Written by :. प्रमुख संवाद


कोटा, 21 मार्च।
राज्य सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के कोटा जिला कार्यालय के भूमि आवंटन को पुनः बहाल कर दिया है, जिसे कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2020 में रद्द कर दिया था। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

भाजपा का प्रयास रंग लाया

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि पार्टी ने 80 फीट रोड पर जिला कार्यालय के लिए आवंटित भूमि की राशि वर्ष 2016 में नगर विकास न्यास (यूआईटी) को जमा करवा दी थी और नियमानुसार रजिस्ट्री भी करवा ली थी। लेकिन कांग्रेस सरकार ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से 2020 में आवंटन रद्द कर दिया। भाजपा ने इस अन्याय के खिलाफ लगातार प्रयास जारी रखे और 2024 में भाजपा सरकार बनने के बाद पुनः भू-आवंटन बहाली के लिए आवेदन किया।

जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग

भू-आवंटन बहाली की प्रक्रिया में भाजपा नेताओं और विधायकों ने अहम भूमिका निभाई। जिलाध्यक्ष ने यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर, विधायक संदीप शर्मा व कल्पना देवी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत विजय और एडवोकेट खेमचंद ने भी इस प्रकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर, विधायक संदीप शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भू-आवंटन बहाल होने से भाजपा के नए जिला कार्यालय भवन के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह से साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!