written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 19 मार्च – कोटा के चार्टर्ड अकाउंटेंट अरविंद गोयल को भारत विकास परिषद उत्तर-पश्चिम क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके कोटा आगमन पर परिषद के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
स्वागत समारोह में अरविंद गोयल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परिषद के सेवा और संस्कार कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना होगी। उन्होंने केंद्रीय पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूती देने का संकल्प लिया।
प्रांतीय अध्यक्ष रवि प्रकाश विजय और क्षेत्रीय सचिव किशन पाठक ने उनके मनोनयन को कोटा के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने आशा जताई कि अरविंद गोयल के नेतृत्व में परिषद के कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रोहित विजय और आभार प्रदर्शन सुनीता गोयल जोली ने किया।