Written by : प्रमुख संवाद
कोटा/ देवली, 18 मार्च।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मंगलवार को देवली क्षेत्र के सावनभादो में 18.10 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भागीरथी प्रयासों से ही विकास की गंगा बहती है। सरपंचों को 6 माह का अतिरिक्त समय मिला है। जो एक अवसर है। सरकार सभी प्रशासकों के सहयोग को तत्पर है। विकास के लिए सभी प्रशासकों को भी भागीरथी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि सावनभादो का डैम पूर्व सांसद दाऊदयाल जोशी के द्वारा स्वीकृत हुआ था। उसका रखरखाव और जीर्णोद्धार करना भारतीय जनता पार्टी का कर्तव्य है। पूर्व में नहरी तंत्र के लिए 8 करोड रुपए दिए थे। अभी फिर से नहरी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए 23 करोड रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वंचित क्षेत्र को परवन से जोड़ने की व्यवस्था भी कर दी गई है। हरिपुरा के पास बड़ा डैम बनाकर खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
दुष्यंत शर्मा ने बताया कि सावनभादों में ग्रेवल सडक निर्माण, चारागाह का विकास कार्य, चारागाह दूधिया खेड़ी माताजी विकास कार्य, इंटरलॉकिंग के कार्य का लोकार्पण किया गया। वहीं विभिन्न स्थानों पर की गई चारदीवारी, सामुदायिक भवन विस्तार कार्य समेत विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास संपन्न किया गया है। इस दौरान जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, जिला परिषद सदस्य अंजना मीणा, सरपंच सोनू शर्मा, मंडल अध्यक्ष विजय शंकर सैनी, एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष धनराज मीणा, पूर्व प्रधान नंद किशोर मालव, पूर्व मंडल अध्यक्ष विष्णु मालव समेत कई लोग उपस्थित रहे।