प्रमुख संवाद
गजेन्द्र व्यास और जितेंद्र शर्मा को फिर मिली कमान, प्रेस क्लब कोटा में निरंतर पाँचवीं बार नेतृत्व
कोटा, 9 मार्च। प्रेस क्लब कोटा की वार्षिक आमसभा में एक बार फिर गजेन्द्र व्यास को अध्यक्ष और जितेंद्र शर्मा को सचिव के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया। सदन में मौजूद सदस्यों ने बहुमत से दोनों को दोबारा नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके पिछले कार्यकालों की सराहना की।



आमसभा की बैठक में अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने सदस्यों द्वारा दिए गए प्रस्तावों और उनकी भावनाओं के अनुरूप अपनी नई कार्यकारिणी बनाने का संकल्प लिया। सचिव जितेंद्र शर्मा ने बताया कि आमसभा में आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद सर्वसम्मति से गजेन्द्र व्यास और जितेंद्र शर्मा को पुनः नेतृत्व का दायित्व सौंपा गया।
चुनाव के बाद पूरे सदन में तालियों की गूंज सुनाई दी, और सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह हाड़ा, सह सचिव गिरीश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रघुवीर कपूर शम्मी, कार्यकारिणी सदस्य संजीव सक्सेना, रमेशचंद गौतम, नीरज सिंह राजावत, अनिल कुमार देवलिया, यतीश व्यास सहित अन्य सदस्यों ने अपनी शुभकामनाएँ दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास और सचिव जितेंद्र शर्मा ने सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे प्रेस क्लब और पत्रकारों के हित में पूर्व की भांति समर्पित रहकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, “सदस्यों का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, और हम सभी को साथ लेकर प्रेस क्लब को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।”
गौरतलब है कि गजेन्द्र व्यास और उनकी टीम पिछले दस वर्षों से प्रेस क्लब कोटा में लगातार सक्रिय और लोकप्रिय बनी हुई है। उनका यह लगातार पाँचवाँ कार्यकाल है, जो उनके नेतृत्व और कार्यशैली में सदस्यों के अटूट विश्वास को दर्शाता है।