प्रमुख संवाद
कोटा, 17 फरवरी 2025 – कोटा थर्मल पावर स्टेशन के मुख्य द्वार पर राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के प्रस्तावित ज्वाइंट वेंचर (संयुक्त उद्यम) रूपी निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों का विरोध 118वें दिन भी जारी रहा। प्रदेशभर में बढ़ते आक्रोश के बीच सूरतगढ़ थर्मल में भी आंदोलन 100वें दिन में प्रवेश कर गया।
उत्पादन निगम अभियंता कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक राकेश गुप्ता और प्रवक्ता वीरेंद्र कश्यप ने बताया कि सरकार और विद्युत प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ एक घंटे का कार्य बहिष्कार और विरोध प्रदर्शन लगातार किया जा रहा है।
आज कोटा थर्मल में कर्मचारियों ने मुख्य द्वार से थर्मल चौराहे तक आक्रोश रैली निकाली, जिसके जरिए सरकार को जगाने का प्रयास किया गया। 30 जनवरी 2025 को प्रदर्शन के 100 दिन पूरे होने के बावजूद सरकार ने अब तक वार्ता के लिए कोई पहल नहीं की।
संघर्ष समिति के नेतृत्व में उत्पादन निगम के कार्मिक राज्य सरकार और विद्युत प्रशासन से तत्काल संवाद स्थापित करने और ज्वाइंट वेंचर योजना को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।