देश

चिन्मय अमृत महोत्सव में बोले पीएम मोदी: ‘मेरी नीतियों के केंद्र में युवा’, स्वामी चिन्मयानंद से मुलाकात को किया याद

Sanjay kumar
23 Oct 2026, 12:26 PM
Pramukh Samvad
News Image

चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का भारत मंडपम में शुभारंभ, स्वामी चिन्मयानंद के साथ 1993 में हुई मुलाकात को किया याद

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि युवाओं का सशक्तिकरण और उनके सामर्थ्य का विकास मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूज्य स्वामी चिन्मयानंद के साथ वर्ष 1993 में वडोदरा में हुई मुलाकात को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के साथ हुई बातचीत, उनका स्नेह और आशीर्वाद आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत हैं। आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरुदेव के होलोग्राम को देखने और उससे संवाद करने का अनुभव उनके लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला रहा। उन्हें ऐसा लगा, मानो वे 33 वर्ष पीछे लौटकर फिर से गुरुदेव के सानिध्य में पहुंच गए हों।

गरुदेव के विचारों ने दिखाई युवा शक्ति के निर्माण की राह

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि स्वामी चिन्मयानंद के साथ उनकी पिछली मुलाकात में युवा शक्ति के निर्माण और उसके माध्यम से मजबूत भारत बनाने पर गंभीर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि गुरुदेव से मुलाकात के कुछ वर्षों बाद उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिला। इसके बाद सरकार के मुखिया के तौर पर पिछले 25 वर्षों के अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने पूरी क्षमता से देश की सेवा करने का प्रयास किया। इस यात्रा में गुरुदेव के आशीर्वाद को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

‘चिन्मय’ विचार और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का उत्सव

प्रधानमंत्री ने कहा कि चिन्मय मिशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक व्यापक विचार और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। इसकी दशकों लंबी यात्रा संकल्प, सेवा और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसार से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि ‘चिन्मय अमृत महोत्सव’ नाम इस आयोजन की भावना के अनुरूप है, क्योंकि यह शाश्वत ज्ञान और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश देता है।

तीन दिवसीय सम्मेलन में जुटेंगे 9,000 से अधिक प्रतिभागी

चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसमें भारत और विदेशों से 9,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन चिन्मय मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित समारोहों का समापन है।

वर्ष 1951 में स्वामी चिन्मयानंद द्वारा स्थापित चिन्मय मिशन का उद्देश्य वेदांत और श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाना है। मिशन ने आध्यात्मिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति के संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सम्मेलन के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक विरासत, वेदांत के ज्ञान और युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार पर जोर दिया जा रहा है।

TAGS: #प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी #नरेंद्र मोदी #प्रधानमंत्री #चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन #चिन्मय अमृत महोत्सव #ग्लोबल सम्मेलन #स्वामी चिन्मयानंद #भारत मंडपम #