दुकानों पर लगी प्रचार सामग्री हटाने या निर्धारित राशि जमा कर अनुमति लेने की चेतावनी, कल से होगी नियमित जांच
कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में दुकानों पर बिना अनुमति कंपनियों की प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करेगा। गुरुवार को मेला प्रांगण के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त धीरज कुमार सोनी ने विभिन्न दुकानों पर कंपनियों की प्रचार सामग्री लगी देखी। इस पर उन्होंने संबंधित व्यापारियों को निर्देश दिए कि वे बिना अनुमति लगाई गई प्रचार सामग्री तत्काल हटा लें अथवा नगर निगम में निर्धारित राशि जमा करवाकर नियमानुसार अनुमति प्राप्त करें।
उपायुक्त धीरज कुमार सोनी ने बताया कि शुक्रवार से मेला प्रांगण में इसकी नियमित जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी दुकान पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगी मिली तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में प्रचार-प्रसार के लिए निर्धारित नियमों की पालना करना अनिवार्य है।