विविध/अन्य

कोटा के उद्यमियों ने चीन-हांगकांग में देखीं आधुनिक औद्योगिक तकनीकें, वैश्विक व्यापार के नए अवसरों का किया अध्ययन

Admin Desk
22 Oct 2026, 07:57 PM
Pramukh Samvad
News Image

70 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 3 अंतरराष्ट्रीय एक्सपो, 3 प्रमुख व्यापारिक बाजारों और 30 से अधिक औद्योगिक इकाइयों का किया दौरा

ऑटोमेशन, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर गुणवत्ता नियंत्रण तक, वैश्विक औद्योगिक नवाचारों को समझकर लौटे कोटा के उद्यमी

कोटा, 22 अक्टूबर। कोटा के लघु एवं मध्यम उद्योगों को वैश्विक बाजार की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने और आधुनिक औद्योगिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज (एसएसआई) एसोसिएशन, कोटा के 70 सदस्यीय उद्यमी प्रतिनिधिमंडल की चीन एवं हांगकांग की अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक यात्रा महत्वपूर्ण साबित हुई। यात्रा के दौरान उद्यमियों ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार, आधुनिक विनिर्माण तकनीक, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत उत्पादन प्रणालियों का नजदीक से अध्ययन किया। इस अनुभव से कोटा के स्थानीय उद्योगों के विकास, तकनीकी उन्नयन और व्यावसायिक विस्तार के नए अवसरों की संभावनाएं सामने आई हैं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता, सचिव समीर सूद और कोषाध्यक्ष राहुल जैन के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने हांगकांग में आयोजित ग्लोबल सोर्सेज इलेक्ट्रॉनिक्स फेयर और रोबोटिक्स एंड एआई फेयर का अवलोकन किया। इसके साथ ही ग्वांगझोउ में आयोजित प्रतिष्ठित कैंटन फेयर में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय विनिर्माण क्षेत्र की नवीन तकनीकों, उत्पादों और वैश्विक आपूर्ति नेटवर्क की जानकारी प्राप्त की।

यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शेनझेन के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, फोशान के फर्नीचर बाजार तथा ग्वांगझोउ के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों का दौरा किया। इसके अतिरिक्त 30 से अधिक औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कर आधुनिक मशीनरी, उत्पादन प्रक्रिया, ऑटोमेशन, तकनीकी नवाचार और गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्थाओं को समझा। उद्यमियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता और लागत प्रबंधन की भूमिका का भी व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

स्थानीय उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा से जोड़ना उद्देश्य

एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता ने बताया कि इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य कोटा के लघु एवं मध्यम उद्योगों को वैश्विक औद्योगिक विकास और आधुनिक विनिर्माण तकनीकों से परिचित कराना था। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बदलती तकनीक, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को समझना स्थानीय उद्योगों की उत्पादकता बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आवश्यक है।

एसोसिएशन के सचिव समीर सूद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में 15 युवा उद्यमियों और 2 महिला उद्यमियों ने भी भाग लिया। यात्रा के दौरान पूर्व अध्यक्ष कमलदीप सिंह एवं राजकुमार जैन ने मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं, संयोजक नितिन अग्रवाल और उनकी टीम ने पूरे कार्यक्रम के समन्वय एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आधुनिक तकनीक और लागत प्रबंधन से मजबूत होंगे उद्योग

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि चीन और हांगकांग के औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्रों के अध्ययन से यह स्पष्ट हुआ कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिए आधुनिक मशीनरी, ऑटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), बेहतर गुणवत्ता नियंत्रण और प्रभावी लागत प्रबंधन पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उद्योगों की कार्यप्रणाली को समझने से भारतीय लघु एवं मध्यम उद्यमों को अपनी उत्पादन प्रक्रियाओं में सुधार करने, नई तकनीक अपनाने और बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद विकसित करने में मदद मिलेगी।

'बिजनेस सर्किल' पहल के तीसरे चरण का हिस्सा रही यात्रा

यह अंतरराष्ट्रीय दौरा एसएसआई एसोसिएशन के 'मेगा विजन' के अंतर्गत संचालित 'बिजनेस सर्किल' पहल के तीसरे चरण 'अंतरराष्ट्रीय एक्सपो एवं बिजनेस ग्रोथ' का हिस्सा था। इस पहल के पहले दो चरण व्यावसायिक नेटवर्किंग तथा लर्निंग एंड डेवलपमेंट पर केंद्रित रहे हैं।

एसोसिएशन का उद्देश्य उद्यमियों को आपसी सहयोग, व्यावसायिक संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि चीन एवं हांगकांग से प्राप्त अनुभवों का उपयोग कोटा के उद्योगों में तकनीकी सुधार, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, नए व्यावसायिक संपर्क विकसित करने और स्थानीय कारोबार के विस्तार के लिए किया जाएगा।यह यात्रा कोटा के उद्यमियों के लिए वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य को समझने और स्थानीय उद्योगों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।

TAGS: #उद्यमी #वैश्विक औद्योगिक नवाचार #वैश्विक व्यापार #लघु एवं मध्यम उद्योग #स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसएसआई एसोसिएशन SSI #चीन-हांगकांग यात्रा #