23 प्रतिभागियों ने दिखाई पाक कला और रचनात्मकता, आगामी दिनों में मल्लखंभ, रंगोली, मेहंदी सहित होंगी कई रोचक प्रतियोगिताएं
कोटा। 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा-2026 के तहत गुरुवार को नगर निगम भवन परिसर में व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के प्रतिभागियों ने बिना चूल्हा, गैस या इंडक्शन का इस्तेमाल किए अपनी पाक कला, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक सजावट और लजीज व्यंजनों की खुशबू से निगम भवन परिसर महक उठा।

उपायुक्त एवं प्रतियोगिता प्रभारी भावना सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 23 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को निर्धारित 30 मिनट में बिना आग का उपयोग किए व्यंजन तैयार करने थे। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों को अपनी पाक कला और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना था।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मीठे, नमकीन और चटपटे व्यंजनों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की। लड्डू, नाचोज चाट, ब्रेड स्लाइड पूरी, पकौड़ी चाट, दीया-बाती मिठाई, ब्रेड भल्ले, बिस्किट बास्केट चाट, बीटरूट बॉल, बंगाली भोज कुकीज, मूंगदाल पकौड़े, कोकोनट रोल, आंगन मटका पॉट, दही बड़े, पिस्कान केक, मल्टीग्रेन आटा कटोरी चाट और विभिन्न फलों से तैयार व्यंजनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पूर्व पार्षद प्रतिभा गौतम और आरती शाक्यवाल ने निर्णायक मंडल के रूप में व्यंजनों के स्वाद, प्रस्तुतिकरण और नवाचार के आधार पर विजेताओं का चयन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद खुशबू जैन ने प्रथम, सविता गौतम ने द्वितीय और संतोष सुमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उप महापौर विवेक राजवंशी, पार्षद कैलाश गौतम, प्रमिला वर्मा, सीमा चौधरी, सुनीता नायक और पारस कंवर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निगम अधिकारी उत्कर्ष यादव, निर्मला, आरती परिहार, एक्सईएन सपना, डीएलआर, ऋचा गौतम, रूपम, पूजा, अंतिमा, प्रतीक्षा और मीना सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अतिथियों ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का अवलोकन किया और उनकी पाक कला, मेहनत तथा रचनात्मकता की सराहना की।
दशहरा मेले में आगामी प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा के दौरान शहरवासियों की भागीदारी और उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, पारंपरिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
- 24 अक्टूबर: मल्लखंभ प्रतियोगिता
- 26 अक्टूबर: हत्ता माला प्रतियोगिता
- 27 अक्टूबर: दिन में रंगोली, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिता तथा रात्रि में साफा बांधो प्रतियोगिता
- 28 अक्टूबर: बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता
- 30 अक्टूबर एवं 2 नवंबर: बाल प्रतिभा कार्यक्रम
- 1 नवंबर: दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता
राष्ट्रीय मेला दशहरा के अंतर्गत आयोजित हो रही ये प्रतियोगिताएं शहरवासियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान कर रही हैं। आगामी आयोजनों को लेकर भी लोगों में उत्साह बना हुआ है।