कोटा। रिजर्व पुलिस लाइन, कोटा शहर में पुलिस शहीद दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उल्लेखनीय है कि पुलिस शहीद दिवस (पुलिस स्मृति दिवस) हर साल 21 अक्टूबर को पूरे भारत में मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए 10 वीर पुलिस जवानों की याद और देश भर में कर्तव्य निभाते हुए जान न्यौछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है।
रिजर्व पुलिस लाइन कोटा सिटी में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे परेड मंच पर पुलिस अधीक्षक कोटा सिटी तेजस्विनी गौतम के आगमन के साथ हुआ। सम्मान गार्ड द्वारा सलामी गार्ड प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात परेड कमांडर द्वारा पुलिस शहीद दिवस परेड की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
पुलिस महानिरीक्षक, कोटा रेंज द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इस अवसर पर सेवारत एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
इसके पश्चात शहीदों के सम्मान में शोक शस्त्र की कार्रवाई की गई तथा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। परेड कमांडर द्वारा शहीदों के सम्मान में तीन राउंड फायर करवाए गए। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया।
पुलिस शहीद दिवस परेड में द्वितीय बटालियन आरएसी, कोटा की एक प्लाटून तथा कोटा शहर एवं कोटा ग्रामीण पुलिस की एक-एक प्लाटून ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व श्री दुर्गाशंकर, उप निरीक्षक, पुलिस लाइन कोटा शहर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप अधीक्षक पुलिस, विभिन्न थानों के थानाधिकारी एवं पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया, जिन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीदों के सम्मान में वृक्षारोपण एवं रक्तदान
पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके पश्चात रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कर्तव्य की राह पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस शहीदों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा एवं समाज की सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।