कोटा

133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में आज होगा रावण दहन, मधु भाट की राजस्थानी प्रस्तुति से सजेगी शाम

Admin Desk
20 Oct 2026, 10:08 AM
Pramukh Samvad
News Image

105 फीट ऊंचे रावण के दहन को लेकर दशहरा मैदान में तैयारियां पूरी, 20 अक्टूबर को जुटेंगे कोटावासी

मीका सिंह, जस्सी गिल, बब्बल राय और तृप्ति शाक्य सहित कई नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, लेजर-ड्रोन शो और रामायण गैलरी भी रहेंगे आकर्षण

महापौर अनुसूईया गोस्वामी बोलीं— गौरवशाली विरासत और आधुनिकता का संगम बनेगा दशहरा मेला, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक किए गए इंतजाम

कोटा, 19 अक्टूबर। कोटा के ऐतिहासिक 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में मंगलवार, 20 अक्टूबर को रावण दहन का भव्य आयोजन होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल, संदीप शर्मा एवं कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अतिथि उपस्थित रहेंगे। रावण दहन से पहले दशहरा मैदान में लोक कलाकार मधु भाट राजस्थानी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इसके लिए विजयश्री रंगमंच के पास अलग से मंच तैयार किया गया है।

105 फीट ऊंचे रावण के साथ दिखेगा आतिशबाजी का आकर्षण

महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रावण का स्वरूप पूर्व की परंपरा के अनुरूप तैयार किया गया है। 105 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को भी आकर्षक रूप दिया गया है। रावण परिवार की वेशभूषा और दहन के दौरान होने वाली आतिशबाजी को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है। पुतलों को दहन से पांच दिन पहले ही मैदान में स्थापित कर दिया गया था, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी दशहरा मैदान पहुंच रहे हैं।

विजयश्री रंगमंच पर सजेगी सितारों और सुरों की महफिल

दशहरा मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम 22 अक्टूबर से नियमित रूप से शुरू होंगे। सिंधी कार्यक्रम में रॉकस्टार नील प्रस्तुति देंगे, जबकि 23 अक्टूबर को पर्यटन विभाग का कार्यक्रम आयोजित होगा। 24 अक्टूबर को ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडकर देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। 25 अक्टूबर को तृप्ति शाक्य की भजन संध्या होगी तथा 26 अक्टूबर को कोटा के लाइक माइंडेड ग्रुप की ओर से पुराने गीतों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कवि सम्मेलन से लेकर कॉमेडी शो तक होंगे मनोरंजन के रंग

27 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में सत्यनारायण सत्तन, जगदीश सोलंकी, शशिकांत यादव, अंजुम रहबर, कविता तिवारी, चेतन चर्चित, विनीत चौहान, विष्णु सक्सेना और सुंदर कटारिया सहित ख्यातनाम कवि काव्य पाठ करेंगे। 28 अक्टूबर को कॉमेडी शो में विकल्प मेहता और सिद्धार्थ सागर दर्शकों को हंसाएंगे। 29 अक्टूबर को राजस्थान कवि सम्मेलन होगा, जबकि 30 अक्टूबर को बालिका वर्ग का बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 31 अक्टूबर को भोजपुरी कार्यक्रम में गोलू राजा और नेहा सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

सोनू शर्मा के मोटिवेशन से लेकर मीका सिंह की स्टार नाइट तक

मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि एक नवंबर को मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा युवाओं को प्रेरित करेंगे। इसी दिन स्थानीय प्रतिभाओं के लिए कराओके सिंगिंग कार्यक्रम भी होगा। दो नवंबर को बालक वर्ग का बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तीन नवंबर को पंजाबी नाइट में जस्सी गिल और बब्बल राय प्रस्तुति देंगे, जबकि चार नवंबर को सिने संध्या में प्रसिद्ध गायक मीका सिंह अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। पांच नवंबर को भव्य आतिशबाजी के साथ मेले का समापन होगा।

रामायण गैलरी में दिखेंगे प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंग

इस बार दशहरा मेले में रामायण गैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। नगर निगम भवन की चारदीवारी के सहारे बनाई जा रही गैलरी में श्रीराम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के प्रमुख प्रसंग प्रदर्शित किए जाएंगे। डॉल्फिन पार्क से प्रवेश करने पर सड़क के मध्य वाल्मीकि जी को रामायण की रचना करते हुए दर्शाया जाएगा। मेला परिसर के विभिन्न पोल पर रामायण के पात्रों से संबंधित नियोन साइन लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रवेश द्वारों और बाजारों को भी रामायण के पात्रों के नाम दिए गए हैं।

जलपरी और म्यूजिकल फाउंटेन बढ़ाएंगे मेले की रौनक

दशहरा मैदान के वेस्ट जोन में जलपरी के आकर्षण के साथ पहली बार म्यूजिकल फाउंटेन भी स्थापित किया गया है। लगभग 100 फीट चौड़े और 40 फीट ऊंचे इस फाउंटेन में बदलती रोशनी के साथ जलधारा का प्रदर्शन दर्शकों को आकर्षित करेगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से शुरू किए गए लेजर शो और ड्रोन शो भी इस बार आयोजित होंगे। लेजर शो 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक तीन दिन चलेगा, जबकि ड्रोन शो तीन नवंबर को होगा। इसमें एक साथ उड़ान भरने वाले ड्रोन विभिन्न आकृतियां बनाकर दर्शकों को आकर्षित करेंगे।

कुश्ती दंगल, मलखंभ और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन

मेले में एक और दो नवंबर को कुश्ती दंगल होगा, जिसमें प्रदेशभर के पहलवान अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। 22 अक्टूबर को कुकिंग प्रतियोगिता, 24 अक्टूबर को मलखंभ प्रदर्शन, 27 अक्टूबर को रंगोली, मांडना, मेहंदी तथा साफा-पाग प्रतियोगिताएं और 28 अक्टूबर को बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता आयोजित होगी। तीन नवंबर को गतका प्रदर्शन भी होगा। इसके अतिरिक्त 29 अक्टूबर को विजयश्री रंगमंच पर पहली बार ‘सुर-ताल कचहरी’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी के साथ राजस्थानी शैली के गायन की प्रस्तुति होगी।

यूट्यूब पर लाइव प्रसारण, वेबसाइट से मिलेगी मेले की जानकारी

मेले के प्रमुख कार्यक्रमों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस बार मेले की वेबसाइट भी शुरू की गई है, जिसके माध्यम से आयोजन से संबंधित अपडेट उपलब्ध होंगे। आमजन तक कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने के लिए एसएमएस और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। मेले के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी जोड़ा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकें।

साफ-सफाई, मरम्मत और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

नगर निगम की ओर से मेला परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, मैदान के सुदृढ़ीकरण और सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न कार्य करवाए गए हैं। मैदान को समतल करने तथा टूट-फूट सुधारने पर भी ध्यान दिया गया है। मेले के दौरान नियमित सफाई के साथ फॉगिंग करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि मेलार्थियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और बीमा से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

मेले में सुरक्षा के लिए इस वर्ष भी बीमा करवाया गया है। झूला संचालकों से भी अलग से बीमा करवाया गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में नियमानुसार प्रभावितों को मुआवजा मिल सके। परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ाई गई है। राजस्थान पुलिस की विशेष ड्रोन यूनिट भी ऊंचाई से मेले की गतिविधियों पर नजर रखेगी।

आठ स्थानों पर पार्किंग, निर्धारित दरों से अधिक वसूली पर हेल्पलाइन

दशहरा मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग शुल्क के अनुसार साइकिल के लिए पांच रुपये, मोटरसाइकिल के पहले चार घंटे के लिए 20 रुपये और इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे के लिए 10 रुपये निर्धारित किए गए हैं। चारपहिया वाहनों के पहले चार घंटे का शुल्क 50 रुपये तथा इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे के लिए 20 रुपये होगा। पार्किंग संचालकों की ओर से निर्धारित दरों से अधिक वसूली या दुर्व्यवहार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई है। पार्किंग शुल्क और हेल्पलाइन नंबर प्रत्येक स्थल पर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएंगे।

ये होंगे पार्किंग स्थल

दशहरा मैदान आने वाले वाहनों के लिए धार का अखाड़ा के पास, किशोरपुरा रोड वाहन स्टैंड, ईदगाह के सामने, आशापाला कॉलोनी के बीच, पशु मेला फेज-2 में पुलिस कंट्रोल रूम के पास, पशु मेला फेज-2 में केडीए के सामने तथा बकरामंडी के भूखंड संख्या एक और दो पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

11 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा दशहरा मेला

महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने कहा कि 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का आयोजन 11 अक्टूबर से पांच नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। वर्तमान नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद यह पहला बड़ा आयोजन है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से आयोजित यह मेला कोटा की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और आधुनिकता के संगम के रूप में विकसित किया जा रहा है। मेले में आमजन की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप कार्यक्रमों के आयोजन के साथ व्यापारियों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

— अनुसूईया गोस्वामी, महापौर, नगर निगम कोटा

TAGS: #राष्ट्रीय दशहरा मेला #रावण दहन #नगर निगम कोटा #दशहरा मेला #महापौर #