महापौर अनुसुईया गोस्वामी और निगम आयुक्त ओपी मेहरा ने हरी झंडी दिखाकर फायर बाइक को किया रवाना
श्रीनाथपुरम और सब्जी मंडी में पहले चरण में तैनाती, फोमयुक्त पानी से आग पर तुरंत नियंत्रण पाने में मिलेगी मदद
कोटा। शहर के घनी आबादी वाले इलाकों, संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में आग लगने की घटनाओं के दौरान त्वरित राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम ने फायर बाइक सेवा शुरू की है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी और निगम आयुक्त ओपी मेहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फायर बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से उन क्षेत्रों में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जहां संकरे रास्तों और यातायात के दबाव के कारण बड़े दमकल वाहनों को पहुंचने में परेशानी होती है।
आपात स्थिति में कम समय में मिलेगी मदद: महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि शहर के पुराने और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग लगने की स्थिति में समय पर अग्निशमन सहायता पहुंचाना बड़ी चुनौती होती है। संकरी गलियों और भीड़भाड़ के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो सकती है। फायर बाइक की तैनाती से ऐसे स्थानों पर तेजी से पहुंचकर आग पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। इससे आग फैलने की आशंका कम करने और जान-माल की सुरक्षा के प्रयासों को प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
फोमयुक्त पानी से आग बुझाने की व्यवस्था: निगम आयुक्त ओपी मेहरा ने बताया कि फायर बाइक को विशेष अग्निशमन उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। प्रत्येक बाइक में नौ-नौ लीटर क्षमता के विशेष वॉटर टैंक लगाए गए हैं, जिनमें पानी के साथ फोम का मिश्रण इस्तेमाल किया जाता है। यह व्यवस्था आग की प्रकृति के अनुसार शुरुआती स्तर पर उसे नियंत्रित करने में उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस सेवा को 24 घंटे अलर्ट मोड पर संचालित करने की व्यवस्था की गई है।
श्रीनाथपुरम और सब्जी मंडी में पहले चरण में तैनाती: नगर निगम के फायर ऑफिसर अमजद खान ने बताया कि शुरुआती चरण में फायर बाइक को श्रीनाथपुरम और सब्जी मंडी क्षेत्र में तैनात किया गया है। सब्जी मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और संकरे रास्तों को देखते हुए यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है। वहीं, श्रीनाथपुरम में तैनाती से नए कोटा और आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन अग्निशमन सहायता की पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अग्निशमन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में पहल: नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य आग लगने की घटनाओं में शुरुआती प्रतिक्रिया को तेज करना और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। फायर बाइक जरूरत के समय तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों तक पहुंचकर बड़ी दमकल गाड़ियों के लिए रास्ता बनाने तथा आग पर प्रारंभिक नियंत्रण के प्रयासों में सहायक होंगी। इससे शहर की अग्निशमन व्यवस्था को अधिक चुस्त और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।