अपराध

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीनों आरोपी 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंपे

Sanjay kumar
19 Oct 2026, 07:52 PM
Pramukh Samvad
News Image

वारदात से पहले खरीदी थी बाइक, पुलिस से बचने के लिए सूरत में बदली ट्रेन | कोटा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, नाबालिग निरुद्ध

कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस की कार्रवाई के बाद अब तीनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में गिरफ्तार रेहान उर्फ सुवका (18), ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन (22) और एक नाबालिग को अवकाशकालीन न्यायाधीश के आवास पर पेश किया गया। मुंबई पुलिस की ओर से ट्रांजिट रिमांड की मांग किए जाने पर आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस की तीन सदस्यीय टीम के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम आरोपियों को सड़क मार्ग से मुंबई लेकर रवाना हुई, जहां उनसे वारदात और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।

वारदात से पहले खरीदी बाइक, सूरत में बदली ट्रेन

कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले बाइक खरीदी थी। मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बाइक से फरार हो गए। वे एसवी रोड से विले पार्ले होते हुए अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपियों ने सूरत में ट्रेन बदल दी और वहां से जयपुर-पुणे ट्रेन के जनरल कोच में सवार होकर आगे बढ़े। पुलिस जांच में सामने आए इस घटनाक्रम के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन और यात्रा से जुड़ी जानकारी कोटा पुलिस के साथ साझा की।

सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से सूचना मिलने के बाद कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय किया। रेलवे कॉलोनी और भीमगंज मंडी थाना पुलिस, जिला विशेष टीम, साइबर टीम, आरपीएफ तथा एजीटीएफ को समन्वय के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने जयपुर-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन के कोटा पहुंचने से पहले स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी। जनरल डिब्बों में सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और ट्रेन के प्रवेश तथा निकास द्वारों पर निगरानी रखी गई।

15 मिनट में पुलिस छावनी बना स्टेशन

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोटा रेलवे स्टेशन पर तेजी से कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने ट्रेन के पहुंचने से पहले ही संदिग्धों को पकड़ने की रणनीति तैयार कर ली थी। ट्रेन के कोटा पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने जनरल कोचों की तलाशी ली और आगे की ओर लगे जनरल डिब्बे की ऊपरी सीट पर मौजूद तीनों संदिग्धों को डिटेन कर लिया। इसके बाद तकनीकी आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि की गई और उन्हें सुरक्षा के बीच स्टेशन से बाहर ले जाकर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचाया गया। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से स्टेशन पर यात्रियों में भी हलचल रही।

आरोपियों को दिया गया था मोटी रकम का लालच

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को वारदात के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। पूछताछ में सामने आया कि रेहान को अनिल पंडित ने घटना के बाद विदेश में नौकरी दिलवाने और वहां बसाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, इस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका, कथित साजिश और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर आगे की जांच की जा रही है। कोटा पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान आरोपियों से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ था।

मुंबई में रैपिडो बाइक चलाता था ऋतिक

पुलिस के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन मुंबई में रैपिडो बाइक चलाता था और अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रह रहा था। वहीं, हरियाणा के सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी निवासी रेहान उर्फ सुवका और नाबालिग मजदूरी का काम करते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपसी संपर्क, वारदात से पहले की गतिविधियों और कथित तौर पर उन्हें निर्देश देने वाले लोगों की भूमिका की जांच करेगी।

ट्रांजिट रिमांड के बाद मुंबई पुलिस करेगी पूछताछ

कोटा में गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। मुंबई पहुंचने के बाद पुलिस फायरिंग की घटना, वारदात में इस्तेमाल बाइक, फरारी के रास्ते, संभावित आर्थिक लेन-देन और अन्य संदिग्धों के संबंध में पूछताछ करेगी। मामले में आगे होने वाले खुलासों और साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

TAGS: #टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस #टाइगर श्रॉफ फायरिंग #फायरिंग #गोलीबारी #बॉलीवुड अभिनेता #अभिनेता टाइगर श्रॉफ #अभियुक्त गिरफ्तार #पुलिस #