कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए विधायक संदीप शर्मा मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
एक ही परिवार के सदस्यों की मौत को बताया बेहद दुखद
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों का असमय निधन अत्यंत हृदयविदारक है। यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशीलता से खड़ा रहना और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।
घायलों के उपचार में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
विधायक ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और घायलों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें।
जनप्रतिनिधियों ने भी जाना घायलों का हाल
इस अवसर पर महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद नन्दकंवर हाड़ा, पुरुषोत्तम यादव, सुनीता नायक, सुनीता सेन, दीपिका शर्मा, मुकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।