लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से नगर निगम ने शुरू किया विशेष सफाई अभियान, अस्पताल परिसर की सफाई होने तक जारी रहेगा अभियान
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से नगर निगम की ओर से रविवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महापौर अनुसुईया गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित अभियान का शुभारंभ कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने किया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए परिसर में झाड़ू लगाई और जगह-जगह फैले कचरे को एकत्र कर हटाया। अभियान का उद्देश्य अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखते हुए मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। परिसर की पूरी सफाई होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
अस्पताल परिसर की गंदगी देखकर दिए थे सफाई के निर्देश
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में घायल लोगों से मिलने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान परिसर में गंदगी दिखाई देने पर उन्होंने विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ओम बिरला की संवेदनशीलता और जनहित से जुड़े छोटे-बड़े विषयों के प्रति उनकी सजगता का पता चलता है। अस्पताल उपचार के मंदिर हैं और यहां आने वाले प्रत्येक मरीज तथा उसके परिजन को स्वच्छ वातावरण मिलना आवश्यक है। इसी भावना के अनुरूप नगर निगम की ओर से सफाई अभियान शुरू किया गया है।
महापौर ने कहा, स्वच्छ अस्पताल स्वस्थ समाज की जरूरत
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की संवेदनशीलता और आमजन के दुख-दर्द के प्रति उनकी चिंता प्रेरणादायी है। उनके निर्देश पर मेडिकल कॉलेज परिसर में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोटा सहित आसपास के कई जिलों के मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिसर की पूर्ण सफाई होने तक अभियान जारी रहेगा। अस्पताल प्रशासन की ओर से सफाई के लिए नगर निगम से जब भी सहयोग मांगा जाएगा, निगम पूरी तत्परता से सहायता उपलब्ध कराएगा।
अन्य अस्पतालों में भी चलाया जाएगा सफाई अभियान
उपमहापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के निर्देशों की पालना में मेडिकल कॉलेज परिसर की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद शहर के अन्य अस्पतालों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ वातावरण कायम हो और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रमदान के दौरान गूंजे भारत माता की जय के नारे
सफाई अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ देशभक्ति का माहौल भी देखने को मिला। महापौर अनुसुईया गोस्वामी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर सफाई की तथा परिसर में दिखाई देने वाले कचरे को एकत्र कर हटाया। इस दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। श्रमदान के माध्यम से सभी ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और शहर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।
इमरजेंसी वार्ड में घायलों की कुशलक्षेम पूछी
सफाई अभियान के बाद विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर हादसे में घायल मरीजों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों से मरीजों को बेहतर उपचार एवं उचित देखभाल उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही वार्ड में स्वच्छता बनाए रखने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपचार के साथ स्वच्छ वातावरण भी मिल सके।