अपराध

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार में 1.50 करोड़ की स्मैक के साथ कोटा के 6 आरोपी गिरफ्तार!

Admin Desk
18 Oct 2026, 06:08 PM
Pramukh Samvad
News Image

दौसा, 18 अक्टूबर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दौसा पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 293.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की लग्जरी कार जब्त कर कोटा निवासी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, खेप लेने पहुंचे तीन संदिग्ध मौके से फरार हो गए।

कोटा के छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अहसान पुत्र अंसार अली (30), शोएल अली पुत्र शाहिद अली (32), शाहनवाज खान पुत्र जाकिर खान (29), मुकीम पुत्र उमर मोहम्मद (29), शाहरुख पुत्र शाकिर हुसैन (31) और मोहम्मद शोयल उर्फ बल्लू पुत्र शरीफ खान (29) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के कब्जे से 293.5 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की कार भी जब्त कर ली है।

साइबर सेल की सूचना पर बिछाया जाल

यह कार्रवाई जयपुर रेंज पुलिस के ऑपरेशन ‘एंटी वेनम’ के तहत की गई। महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के निर्देशन, आईपीएस नितिन चौधरी के पर्यवेक्षण और दौसा पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के मार्गदर्शन में जयपुर रेंज साइबर सेल, दौसा डीएसटी और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इसे अंजाम दिया।। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, जयपुर रेंज साइबर सेल को सूचना मिली थी कि कोटा निवासी अहसान और शोएल अली स्मैक की खेप लेकर दौसा के भांडारेज पुलिया के पास पहुंचने वाले हैं। यहां उनकी मुलाकात सिकंदरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मण सैनी, केदार सैनी और दिनेश सैनी से होनी थी। सूचना मिलने के बाद संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगने पर तीनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।

कई जिलों तक फैले नेटवर्क की आशंका

प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के राजस्थान के कई जिलों और पड़ोसी राज्यों तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही स्मैक की खरीद-फरोख्त, वित्तीय लेनदेन और खेप की डिलीवरी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी जांच में

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अहसान के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें वर्ष 2023 का बूंदी कोतवाली, वर्ष 2025 का कोटा के किशोरपुरा और वर्ष 2026 का दौसा के बांदीकुई का प्रकरण शामिल बताया गया है। आरोपी की पत्नी शिवानी कंवर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

मामले की जांच बसवा थानाधिकारी नरेश शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और फरार संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास कर रही है।

TAGS: #गिरफ्तार #मादक पदार्थ तस्करी #तस्करी #पुलिस #तस्कर गिरफ्तार #अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार #स्मैक तस्करी #दौसा #