लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचे घायलों की पूछी कुशलक्षेम
कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा जिले के सिमलिया क्षेत्र में कुराडिया एक्सचेंज के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश नंबर की यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे खाई में पलट गई। हादसे में बस चालक सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्री भोपाल से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद वे खाटूश्यामजी में श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुराडिया एक्सचेंज के पास बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
बस के पलटने से कई यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू सहित सात यात्रियों की मौत हुई है। बस चालक की भी जान चली गई। इस तरह मृतकों की कुल संख्या आठ बताई गई है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने या वाहन के सामने अचानक आवारा पशु आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। दुर्घटना में बस के आगे बैठे यात्रियों को अधिक चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, वाहन चालकों की थकान और सड़क सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के हालात जाने
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बस दुर्घटना में घायल लोगों से उनके हालात की जानकारी ली और मृतक परिवारजनों को सांत्वना दी। ओम बिरला ने कहा कि घटना की पूरी जांच करवाई जाएगी, स्टेट हाईवे हो या नेशनल हाईवे सभी पर पॉइंट चिन्हित करके दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जाएंगे।
