चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में इस महीने श्रद्धालुओं की ओर से 31 करोड़ 17 लाख 92 हजार 129 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया गया। मंदिर के भंडार की पांच चरणों में गणना पूरी होने के बाद चढ़ावे की कुल राशि सामने आई। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं ने भगवान के दरबार में सोना-चांदी भी अर्पित किया।
मेवाड़ के मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को भंडार खोला गया था। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से नकदी की गणना की गई। बुधवार को पांचवें और अंतिम चरण में 44 लाख 22 हजार 718 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही भंडार की गणना का कार्य पूरा हो गया।
मंदिर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पांच चरणों में भंडार से कुल 23 करोड़ 58 लाख 44 हजार 818 रुपये प्राप्त हुए। वहीं, ऑनलाइन भेंट और मनीऑर्डर के माध्यम से 7 करोड़ 59 लाख 47 हजार 311 रुपये मंदिर को मिले। इस प्रकार नकद चढ़ावे, ऑनलाइन भेंट और मनीऑर्डर सहित कुल राशि 31 करोड़ 17 लाख 92 हजार 129 रुपये रही।
सोना-चांदी भी किया अर्पित
श्री सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं ने नकदी के साथ कीमती धातुएं भी अर्पित कीं। मंदिर में कुल 930 ग्राम 100 मिलीग्राम सोना और 92 किलो 242 ग्राम 320 मिलीग्राम चांदी प्राप्त हुई। श्रद्धालुओं ने दानपेटी और मंदिर कार्यालय के माध्यम से यह भेंट अर्पित की।
गणना के दौरान मौजूद रहे मंदिर मंडल के अधिकारी
भंडार की गणना के अंतिम दिन मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, सदस्य पवन तिवारी, किशनलाल अहीर और रामलाल गुर्जर मौजूद रहे। इनके अलावा प्रथम प्रशासनिक अधिकारी राहुल धाकड़, द्वितीय प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, मंदिर एवं संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी और स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा सहित बैंक एवं मंदिर के कर्मचारी भी गणना प्रक्रिया में शामिल रहे।
पांच चरणों में गणना पूरी होने के बाद मंदिर में प्राप्त नकदी, ऑनलाइन भेंट, मनीऑर्डर और सोना-चांदी का पूरा विवरण सामने आया। श्री सांवलिया सेठ मंदिर में हर महीने होने वाले चढ़ावे की गणना पर श्रद्धालुओं की विशेष नजर रहती है।