खेल

प्रधानमंत्री मोदी ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं से की मुलाकात, खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बताया नए भारत की ताकत

Admin Desk
15 Oct 2026, 06:17 PM
Pramukh Samvad
News Image

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात की। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक अपने नाम किए। भारत ने प्रतियोगिता में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में भारत की सफलता देश के बदलते मिजाज और युवा शक्ति की क्षमता का प्रमाण है। भारतीय युवा हर ऊंचाई को छूने के लिए तैयार हैं और ऐसा कोई लक्ष्य नहीं है, जिसे हासिल करने का सामर्थ्य हमारे युवाओं में नहीं हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों से मिलना उनके लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। जब जुनून जीत में बदलता है तो सफलता निश्चित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच, सहयोगी स्टाफ और परिवारों के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस बार के एशियन गेम्स कई मायनों में ऐतिहासिक रहे। भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। विशेष रूप से महिला हॉकी टीम की सफलता महत्वपूर्ण रही, जिसने 44 वर्षों के लंबे इंतजार को समाप्त किया। कबड्डी में भी भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत के कुल 85 पदकों में से 38 पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते, जिनमें 11 स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि नए भारत की सशक्त तस्वीर है। भारतीय खिलाड़ियों ने एमएमए, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग जैसे खेलों में भी पदक जीतकर देश की खेल उपलब्धियों का दायरा बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हर मैदान पर तिरंगे की शान बढ़ाना, खेलों में भारत की नई पहचान बनाना, नए चैंपियन तैयार करना और नए रिकॉर्ड स्थापित करना सभी खिलाड़ियों का लक्ष्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सपने एक दिन में पूरे नहीं होते। इनके लिए वर्षों तक धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत की आवश्यकता होती है। पिछले 12 वर्षों में देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। पहले भारत कई खेलों में भागीदारी से भी दूर रहता था, लेकिन अब खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अवसर मिल रहे हैं और वे पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस अवसर पर भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी जर्सी भेंट की। महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वालीफाई किया।

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से आने वाले समय में देश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

TAGS: #एशियन गेम्स पदक विजेता #प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी #