विविध/अन्य

कोटा में राम बारात का भव्य स्वागत, सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने मोहा मन

Admin Desk
14 Oct 2026, 10:09 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा। आरके पुरम में रामलीला आयोजन समिति की ओर से निकाली गई राम बारात में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। सजी-धजी बग्गियों में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप विराजमान रहे। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भजनों और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।

समिति अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और महामंत्री गिरिराज गौतम ने बताया कि राम बारात श्री आरके पुरम बालाजी धाम से रवाना होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मंचन स्थल पहुंची।

सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधा समां

रामलीला में सीता स्वयंवर प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के शिव धनुष तोड़ते ही पांडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने प्रसंगों का सजीव चित्रण कर खूब तालियां बटोरीं।

अतिथियों ने की भगवान श्रीराम की आरती

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन, प्रायोजक अतिथि नरेंद्र कुमार नंदवाना, डॉ. प्रदीप गुप्ता सहित राधेश्याम पारेता, नरेश कुकरेजा और कुलदीप सनाढ्य मौजूद रहे। अतिथियों एवं समिति पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम की आरती कर वंदना की।

TAGS: #राम बारात #सीता स्वयंवर #रामलीला #