राजस्थान

राजस्थान में 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर करी

Sanjay kumar
13 Oct 2026, 12:25 AM
Pramukh Samvad
News Image

जयपुर, 12 अक्टूबर। राजस्थान में सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। स्वायत्त शासन विभाग ने संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

183 नगरीय निकायों में भरे जाएंगे 24,752 पद

राजस्थान के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में कुल 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश की 183 नगरीय निकायों में रिक्त पदों को भरा जाना है। भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स-2022 के तहत की जा रही है।

पहले भी बढ़ाई गई थी आवेदन की अंतिम तिथि

स्वायत्त शासन विभाग ने इस भर्ती के लिए 27 जुलाई को अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद अभ्यर्थियों से 15 अगस्त से 28 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। बाद में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर कर दी गई थी। अब विभाग ने एक बार फिर अंतिम तिथि में बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को 28 अक्टूबर तक आवेदन करने का अवसर दिया है।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

सामान्य वर्ग: 600 रुपये

आरक्षित वर्ग: 400 रुपये

दिव्यांग वर्ग: 400 रुपये

जयपुर में सबसे अधिक 4,811 पद

राजस्थान की 183 नगरीय निकायों में होने वाली इस भर्ती में जयपुर में सबसे अधिक 4,811 पद निर्धारित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।

अभ्यर्थी 28 अक्टूबर तक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना से अवश्य प्राप्त कर लें।

TAGS: #सफाई कर्मचारी भर्ती #नगरीय निकाय #