विविध/अन्य

भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला का आगाज, 20 को होगा रावण दहन; 21 अक्टूबर को विराट कवि सम्मेलन के साथ समापन

Desk
12 Oct 2026, 03:00 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा, 12 अक्टूबर। आरके पुरम-ए स्थित श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। श्री रामलीला आयोजन समिति, आरके पुरम-ए, नया कोटा एवं नगर निगम कोटा के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला के पहले दिन नारद मोह और ब्रह्मा जी से रावण को अत्यधिक शक्तिशाली होने का वरदान मिलने के प्रसंगों का मंचन किया गया। आकर्षक आतिशबाजी और धार्मिक वातावरण के बीच रामलीला देखने के लिए क्षेत्रवासी जुटे।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी स्टेट के चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि रहे।राजेश कृष्ण बिरला ने अपने उद्बोधन में कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आदर्श जीवन मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

 नगर निगम कोटा के उपमहापौर डॉ. विवेक राजवंशी विशिष्ट अतिथि तथा सरस डेयरी चैयरमेन चैन राठौड़ उपस्थित रहे। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री जगदीश जिंदल और रामलीला के संस्थापक, मुख्य संरक्षक एवं पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह सोलंकी का भी आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया। यह जानकारी समिति प्रवक्ता पी पी गुप्ता नें दी l

समिति के मुख्य संयोजक बालचंद फौजी, अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री गिरिराज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम शर्मा, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता, संयोजक चंद्रप्रकाश माहेश्वरी, सत्यप्रकाश शर्मा, विष्णु नारायण शर्मा, मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी, पार्षद कीर्ति गौतम, पार्षद मंजू देवी विजयवर्गीय, सुमित्रा खींची और पूर्व पार्षद सोनू गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

आज निकलेगी श्रीराम बारात

आयोजन के तहत 13 अक्टूबर को शाम 7 बजे आर के पुरम बालाजीधाम से श्रीराम बारात एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 20 अक्टूबर को आतिशबाजी के साथ रावण चौक पर रावण दहन होगा। वहीं, 21 अक्टूबर को अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। वरिष्ठ कवि पंडित प्रेम शास्त्री सम्मेलन के सूत्रधार होंगे। देशभर के ख्यातनाम कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को काव्य रस से सराबोर करेंगे।

TAGS: #रामलीला #दशहरा #