कोटा, 11 अक्टूबर। कोटा के ऐतिहासिक 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का रविवार को धार्मिक आस्था और उल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। मेले के शुभारंभ अवसर पर किशोरपुरा स्थित आशापुरा माताजी मंदिर में जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर मेले के सफल, भव्य एवं निर्विघ्न आयोजन तथा शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद नगर निगम परिसर स्थित मंदिर में रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ।

आशापुरा माताजी मंदिर में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, उपमहापौर विवेक राजवंशी तथा नगर निगम आयुक्त एवं मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा सहित पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मां का विशेष शृंगार किया गया तथा नगर निगम की ओर से चुनरी अर्पित की गई। इसके बाद निगम परिसर स्थित मंदिर में हनुमानजी के समक्ष नमन कर श्रद्धाभाव से रामायण पाठ प्रारंभ किया गया।
श्रीराम रंगमंच पर हुआ मेले का औपचारिक उद्घाटन
श्रीराम रंगमंच पर आयोजित समारोह में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मेला ध्वज फहराकर, रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर और आतिशबाजी के बीच 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर मेले की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि मदन दिलावर ने कहा कि कोटा का दशहरा मेला लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मेले में आने वाले व्यापारियों, कलाकारों, दर्शनार्थियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि रावण दहन के साथ हमें अपने जीवन की बुराइयों का भी दहन करने का संकल्प लेना चाहिए। कोटा को शिक्षा नगरी के साथ प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित करने के लिए मेले को और आकर्षक बनाया जाएगा।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने मेले को विरासत और विकास के समन्वय का प्रतीक बताया। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दशहरा मेला कोटा की सांस्कृतिक पहचान और गौरव है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि नगर निगम की टीम स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए जुटी हुई है। उपमहापौर विवेक राजवंशी ने मेले को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता जताई। आयुक्त एवं मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि मेले को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
ये रहे उपस्थित: कार्यक्रमों में रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष राजेश बिरला, भाजपा प्रवक्ता पंकज मेहता, आईएएस उत्कर्ष यादव, अतिरिक्त आयुक्त भावना सिंह, उपायुक्त धीरज कुमार सोनी, महावीर सिंह सिसोदिया, मुख्य अभियंता महेश चंद गोयल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता जेपी शर्मा, फायर ऑफिसर राकेश व्यास, पार्षदगण, आशापुरा माताजी मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन सिंह हाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।