कोटा

RTU हॉस्टल में 19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, छात्रों ने मेन गेट पर जड़ा ताला; वार्डन हटाने की मांग

Sanjay kumar
08 Oct 2026, 11:55 PM
Pramukh Samvad
News Image

अक्षित शर्मा की मौत से आक्रोशित छात्रों का प्रदर्शन, स्नेक बाइट की आशंका जताकर हॉस्टल व्यवस्था पर उठाए सवाल; विश्वविद्यालय ने कार्डियक अरेस्ट की संभावना बताई

कोटा, 8 अक्टूबर। राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) में 19 वर्षीय छात्र अक्षित शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्र की मौत के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए चीफ वार्डन को हटाने, मृतक छात्र के परिवार को मुआवजा देने और हॉस्टल में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग उठाई।

अक्षित शर्मा जयपुर के झोटवाड़ा का रहने वाला था और RTU में IT ब्रांच के प्रथम वर्ष का छात्र था। इसी सत्र में उसने विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया था। वह भास्कर भवन स्थित एच-4 हॉस्टल के कमरा नंबर 61 में दो अन्य छात्रों के साथ रहता था। बुधवार को अक्षित ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। उसने ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तदान किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया था।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अक्षित रात करीब एक बजे हॉस्टल के कमरे में पहुंचा। खाना खाने के बाद वह सो गया। गुरुवार सुबह उसके रूम पार्टनर ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रशासन को सूचना दी गई। छात्रों के अनुसार, अक्षित की हालत गंभीर थी और उसके शरीर का रंग भी बदला हुआ दिखाई दे रहा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

छात्रों ने स्नेक बाइट की जताई आशंका

घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अक्षित की मौत के पीछे सांप के काटने की आशंका जताई। छात्रों का कहना है कि RTU परिसर और हॉस्टल में कई बार सांप दिखाई देने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने हॉस्टल परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में विद्यार्थियों से डेवलपमेंट चार्ज सहित विभिन्न मदों में शुल्क लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं। हालांकि अक्षित की मौत वास्तव में स्नेक बाइट से हुई या किसी अन्य कारण से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

विश्वविद्यालय ने कार्डियक अरेस्ट की संभावना जताई

RTU कुलगुरु डॉ. निमित्त रंजन चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय के डॉक्टर को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि अक्षित का कमरा पहली मंजिल पर स्थित है और प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर स्नेक बाइट की संभावना कम दिखाई देती है। विश्वविद्यालय की ओर से कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा।

वार्डन की भूमिका को लेकर छात्रों के सवाल

छात्रों ने चीफ वार्डन डॉ. डीके यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अक्षित की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं हो सकी और वार्डन के पहुंचने में भी देरी हुई।

वहीं चीफ वार्डन डॉ. डीके यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि उन्हें सुबह करीब 9:56 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके लगभग पांच मिनट बाद उन्होंने दोनों वार्डन को एंबुलेंस बुलाने के निर्देश दिए। एंबुलेंस में देरी होने पर ऑटो की व्यवस्था कराई गई और वे स्वयं भी मौके पर पहुंचे।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

RTU इलेक्ट्रॉनिक विभाग के प्रोफेसर रंजन माहेश्वरी के अनुसार, विश्वविद्यालय की डिस्पेंसरी के डॉक्टर ने छात्र की जांच की थी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। डॉक्टर के अनुसार छात्र की मौत संभवत: सुबह 4 से 6 बजे के बीच सोते समय हुई होगी। हालांकि मौत की निश्चित वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।

मुख्य गेट पर छात्रों का धरना

अक्षित की मौत की खबर फैलने के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गए। छात्रों ने चीफ वार्डन को हटाने, मृतक छात्र के परिवार को मुआवजा देने तथा हॉस्टल में साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से समझाइश की। फिलहाल छात्र की मौत को लेकर अलग-अलग आशंकाएं सामने आ रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही अक्षित शर्मा की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

TAGS: ##RTU राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी कोटा ##छात्र की मौत ##हंगामा ##छात्रों का हंगामा ##धरना प्रदर्शन #