धर्म/त्योहार

किन्नर समाज ने तर्पण कर दिवंगत मंगलमुखी किन्नरों की आत्मशांति की प्रार्थना की

Desk
08 Oct 2026, 11:17 PM
Pramukh Samvad
News Image

​कोटा, 8 अक्टूबर। कर्मयोगी सेवा संस्थान द्वारा रोटेदा रोड स्थित गुरु धाम कॉलोनी में आयोजित 27वें वार्षिक 16 दिवसीय श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम के तहत तेरस का श्राद्ध देश के दिवंगत मंगलमुखी किन्नरों की आत्मशांति हेतु समर्पित किया गया। इस अवसर पर किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तर्पण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

​संस्थान के संस्थापक राजाराम जैन 'कर्मयोगी' एवं अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि इस विशेष आयोजन में नैना देवी मंगलमुखी किन्नर समूह की जिया, सोबी, काजल और नानू सहित अन्य सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। आमंत्रित किन्नर समाज की सदस्यों ने पूरे विधि-विधान से दिवंगत मंगलमुखी आत्माओं की शांति और मोक्ष के लिए मंत्रोच्चार के बीच श्राद्ध तर्पण किया।

​कार्यक्रम के दौरान कर्मयोगी सेवा संस्थान के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा समाज में सेवा और मंगल कामना का प्रतीक माने जाने वाले किन्नर समाज का अभिनंदन किया गया। संस्थापक राजाराम जैन कर्मयोगी, अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, नीलम शर्मा, हेमंत सिंह, कुसुम सिंह, धर्मपाल सिंह, नीलम सिंह, कमल सिंह सोलंकी एवं नंद कंवर हाड़ा ने किन्नरों को साफा बांधकर, दुपट्टा उड़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

​सम्मान के पश्चात आमंत्रित किन्नर समाज द्वारा संस्था के प्रांगण में गरीबों, असहायों एवं ब्राह्मणों को श्रद्धापूर्वक खीर, पूरी और सब्जी का भोजन कराया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

​चतुर्दशी और अमावस्या पर विशेष तर्पण एवं दीपदान का होगा आयोजन

​संस्थान के संस्थापक राजाराम जैन कर्मयोगी ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्दशी तिथि का श्राद्ध मानवीय भूलों, प्राकृतिक आपदाओं व त्रासदियों का शिकार हुई दिवंगत आत्माओं के साथ-साथ विशेष रूप से कोरोना महामारी के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की आत्मशांति हेतु समर्पित रहेगा।

​वहीं, 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर भूली-बिसरी आत्माओं की शांति के लिए तर्पण किया जाएगा। इसके साथ ही, आर्थिक अभाव के कारण जो परिवार अपने दिवंगत परिजनों का श्राद्ध-तर्पण नहीं कर पाते हैं, उन सभी की आत्माओं की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी।

​10 अक्टूबर को ही शाम 5 बजे से 7 बजे तक विशाल आम भंडारे (महाप्रसादी) का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात, सायं 7 बजे 'ओम शांति' महामंत्र के दिव्य जाप के साथ भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी के साथ कर्मयोगी सेवा संस्थान के इस 16 दिवसीय वार्षिक श्राद्ध श्रद्धांजलि तर्पण आयोजन का गरिमामय समापन होगा।

TAGS: ##श्राद्ध ##किन्नर समाज ##कर्म योगी संस्थान