उम्मेद क्लब पर रास्ते और बैंड स्टैंड क्षेत्र को परिसर में शामिल करने का आरोप, पूर्व स्थिति बहाल कराने के निर्देश
कोटा, 8 अक्टूबर। नयापुरा स्टेडियम के सामने स्थित उम्मेद क्लब से जुड़े करीब 70 वर्ष पुराने आम रास्ते और बैंड स्टैंड क्षेत्र को लेकर विवाद सामने आया है। भाजपा नेता एवं अधिवक्ता इंद्रमोहन सिंह हनी की शिकायत पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के राजकीय उद्यान विभाग ने मामले में संज्ञान लेते हुए कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) को पत्र भेजकर मौके की स्थिति और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर जांच कराने को कहा है। विभाग ने शिकायत में बताए गए आम रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कर पूर्व स्थिति बहाल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
उद्यान विभाग की ओर से केडीए को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शिकायत के अनुसार उम्मेद क्लब के दक्षिणी हिस्से की ओर स्थित पुराने आम रास्ते और बैंड स्टैंड क्षेत्र को बिना सक्षम स्वीकृति अथवा विभागीय अनुमति के क्लब परिसर में शामिल किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दीवार में बदलाव कर सार्वजनिक रास्ते के हिस्से को क्लब परिसर में मिला लिया गया।
शिकायत के अनुसार मुख्य मार्ग से तत्कालीन चिड़ियाघर की ओर जाने वाला करीब 40 फीट चौड़ा आम रास्ता लंबे समय से आमजन के उपयोग में था। इसी रास्ते को अवरुद्ध किए जाने तथा बैंड स्टैंड नामक स्थान को भी क्लब परिसर में शामिल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
उद्यान विभाग ने केडीए को निर्देश दिए हैं कि शिकायत में उल्लेखित आम रास्ते की मौके पर स्थिति का परीक्षण किया जाए। यदि जांच में अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और उसकी पूर्व स्थिति बहाल की जाए। कार्रवाई के बाद विभाग को इसकी सूचना देने के लिए भी कहा गया है।
खसरा संख्या 272 सहित कुछ भूमि हस्तांतरण से बाहर
विभाग ने अपने पत्र में सीवी गार्डन नयापुरा की भूमि से संबंधित पुराने रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया है। पत्र के अनुसार 12 जुलाई 2012 को पत्र क्रमांक 164 के माध्यम से सीवी गार्डन नयापुरा की भूमि उद्यान संधारण के लिए मालिकाना हक के साथ केडीए को हस्तांतरित की गई थी।
हालांकि, विभाग के अनुसार संलग्न नक्शे में खसरा संख्या 272 सहित कुछ अन्य भूमि उक्त हस्तांतरण में शामिल नहीं थी। विभाग ने इन हिस्सों को अपने स्वामित्व की भूमि बताया है। यह भूमि सीवी गार्डन के उत्तर दिशा में स्थित बताई गई है, जिसके समीप वर्तमान वन विभाग कार्यालय का क्षेत्र तथा दूसरी ओर उम्मेद क्लब स्थित है।
राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज हुई थी शिकायत
भाजपा नेता एवं अधिवक्ता इंद्रमोहन सिंह हनी ने राजस्थान संपर्क पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि नयापुरा स्टेडियम के सामने स्थित उम्मेद क्लब की ओर से पुराने सार्वजनिक रास्ते को बंद कर दिया गया है। शिकायत में वन विभाग कार्यालय से लगी हेरिटेज बाग की भूमि पर दीवार खड़ी कर उसे क्लब परिसर में शामिल किए जाने का आरोप भी लगाया गया था।
शिकायत पर केडीए की भू-अर्जन अधिकारी शिक्षा पवन की ओर से संबंधित भूमि को सार्वजनिक निर्माण विभाग के उद्यान विभाग की भूमि बताया गया। इसके बाद हनी ने उद्यान विभाग को लिखित शिकायत प्रस्तुत की। अब उद्यान विभाग ने मामले में संज्ञान लेते हुए केडीए को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
अब पूरे मामले में केडीए की ओर से मौके का निरीक्षण और उपलब्ध राजस्व एवं विभागीय रिकॉर्ड का परीक्षण किया जाना है। जांच और रिकॉर्ड के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित सार्वजनिक रास्ते तथा विभागीय भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और वहां किसी प्रकार का अतिक्रमण हुआ है या नहीं।