कोटा

दादाबाड़ी में तीन दिन तक कचरा नहीं उठाने पर नगर निगम सख्त, संवेदक पर लगाया 1.50 लाख रुपये का जुर्माना

Admin Desk
28 Nov 2026, 11:53 PM
Pramukh Samvad
News Image

आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के निरीक्षण में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

कोटा। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने और निर्धारित समय पर कचरा नहीं उठाने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। दादाबाड़ी क्षेत्र में कचरा पॉइंट पर लगातार तीन दिनों तक कचरा नहीं उठाए जाने को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने संबंधित संवेदक पर 1 लाख 50 हजार रुपये की शास्ति (जुर्माना) अधिरोपित की है। साथ ही संवेदक को तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न कचरा पॉइंट्स से नियमित और समयबद्ध तरीके से कचरा उठाने के लिए संबंधित संवेदक को लगातार निर्देशित किया जा रहा था। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

शनिवार को दादाबाड़ी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान एस.एस. डेयरी के पास स्थित कचरा पॉइंट पर पिछले तीन दिनों से कचरा नहीं उठाए जाने की स्थिति सामने आई। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित संवेदक की कार्यप्रणाली को अनुबंध की शर्तों एवं विभागीय निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

तीन दिन में देना होगा लिखित जवाब

नगर निगम ने जुर्माने के साथ ही संबंधित संवेदक को तीन दिन के भीतर स्पष्ट एवं संतोषजनक लिखित जवाब देने के निर्देश दिए हैं। संवेदक से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार उसके विरुद्ध आगे दंडात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।

निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में अनुबंध की शर्तों के अनुसार आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की होगी।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित कचरा संग्रहण एवं उठाव सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

TAGS: #नगर निगम कोटा #जुर्माना #