डिस्पोजल मुक्त आयोजन बना आकर्षण का केंद्र, 11 अग्र रत्नों और 101 भामाशाहों का हुआ सम्मान; शिक्षा, स्वास्थ्य और देहदान के संकल्पों ने जगाई नई प्रेरणा
कोटा। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ समस्त अग्रवाल समाज कोटा एवं कोटा संभाग का अग्र महाकुंभ एवं अन्नकूट महोत्सव शनिवार को विजय श्री रंगमंच, दशहरा मैदान में उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित हुआ। हाड़ौती के कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों से 15 हजार से अधिक समाजबंधुओं ने भाग लेकर आयोजन को सामाजिक एकजुटता का स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाई।
महोत्सव की खास पहल रही इसकी डिस्पोजल मुक्त व्यवस्था। आयोजन में प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री से परहेज कर स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजकों की इस पहल को समाज के बीच पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के प्रेरक प्रयास के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं समाज के पदाधिकारियों ने महाराजा श्री अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संयोजक रमेश चंद गोयल तथा युवा संयोजक सुमित जैन एवं लोकेश गुप्ता ने बताया कि महोत्सव को लेकर युवाओं से लेकर महिलाओं और वरिष्ठजनों तक में विशेष उत्साह रहा।
मीडिया प्रभारी परमानंद गोयल एवं संजय गोयल ने बताया कि समारोह में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसुइया गोस्वामी, नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा नेता जगदीश जिंदल, जिला अध्यक्ष राकेश जैन, पार्षद लव शर्मा, लोकेश गुप्ता एवं हरिप्रसाद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जरूरतमंदों की शिक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प
महोत्सव के मुख्य सूत्रधार एवं अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमराज जिंदल ने कहा कि अग्र महाकुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सेवा और सहयोग के सूत्र में जोड़ने का अभियान है। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा तथा जरूरतमंदों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की प्रगति में बाधा नहीं बने।
इसी अवसर पर टीकम खंडवाला ने देहदान की घोषणा कर मानवता और समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की।
मुख्य समन्वयक महेश गुप्ता एवं चंद्रप्रकाश सिंघल ने बताया कि विधायक संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में अग्रवाल समाज की उद्यमशीलता, प्रतिभा और सेवाभाव की सराहना करते हुए देश की समृद्धि में समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को मानवता और सेवा का मार्गदर्शक बताया। राजेश बिरला ने समाज की सेवा परंपरा का उल्लेख किया, वहीं उपमहापौर विवेक राजवंशी ने महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
11 अग्र रत्नों और 101 भामाशाहों का सम्मान
महिला संयोजिकाओं क्षमा गुप्ता, उमा सिंघल, गायत्री मित्तल, स्वाति गर्ग एवं हेमलता गुप्ता ने बताया कि समारोह में समाज के 11 विशिष्ट समाजसेवियों को अग्र रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाजहित में सहयोग देने वाले 101 भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। आयोजन में समाज की सभी 25 इकाइयों के अध्यक्षों और महामंत्रियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल एवं स्वागत अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले समाजबंधुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
गिरिराज धरण के दरबार में छप्पन भोग के दर्शन
संयोजक ललित ऐरण ने बताया कि महोत्सव में गिरिराज धरण का भव्य एवं आकर्षक दरबार सजाया गया। ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा छप्पन भोग की विशेष झांकी सजाई गई। इसके दर्शन करने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं का आवागमन बना रहा। धार्मिक वातावरण में भक्ति संगीत और अन्नकूट महाप्रसादी ने समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
समारोह में डॉ. आरके राजवंशी, कमल अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल प्रॉपर्टी, महेंद्र गर्ग, जगदीश अग्रवाल चूना वाले, वासुदेव अग्रवाल, ज्ञानेश अग्रवाल, राजेश मित्तल, मोहनलाल अग्रवाल, जयंत अग्रवाल (टोनू), युवा समन्वयक पी.पी. गुप्ता, शंकर अग्रवाल, शैल अग्रवाल, संगठन महामंत्री हितेश मित्तल, सुरेंद्र गोयल, सुरेश बंसल, कैलाश जैन, विजय गोयल, आशीष गोयल, लक्की बंसल, आशीष गुप्ता, अमित रामुका, चैतन्य गोयल, चंद्रप्रकाश अग्रवाल, यश गोयल, नीलेश गोयल, रोहित जैन, आशीष जैन, महेश गर्ग, ब्रह्मानंद गर्ग, धीरज गोयल, मयंक अग्रवाल, वर्षा गुप्ता, नैना गर्ग, प्रतिमा गुप्ता, आरती गुप्ता एवं निरुपमा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
अग्र महाकुंभ ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक समरसता, सामूहिक सहयोग, जरूरतमंदों की सहायता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।