निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
कोटा, 27 नवंबर। कोटा में प्रसूताओं की मौत के मामले लगातार सामने आने के बीच एक और प्रसूता की मृत्यु ने चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नयागांव निवासी मीनाक्षी, पत्नी गुड्डू की कोटा मेडिकल कॉलेज में मृत्यु की सूचना मिलने पर महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
घटना से आक्रोशित शालिनी गौतम अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा चिकित्सकीय लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।
इस दौरान शालिनी गौतम ने कहा कि कोटा में प्रसूताओं की मौत की घटनाएं लगातार सामने आना बेहद चिंताजनक है। आखिर कब तक परिवारों को अपने प्रियजनों को इस तरह खोना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा हर गर्भवती महिला का अधिकार है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने मांग की कि प्रसूता की मृत्यु के पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए। यदि किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित राहत और न्याय दिलाया जाए।
शालिनी गौतम ने स्पष्ट किया कि प्रसूता की मृत्यु के मामले को लेकर महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।