नगर निगम आयुक्त ने आरडीएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट का किया निरीक्षण, निस्तारण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
कचरे से तैयार खाद का निगम के उद्यानों में होगा उपयोग, धीमे निर्माण कार्य पर संवेदक को लगाई फटकार
कोटा। शहर को स्वच्छ बनाने और ट्रेंचिंग ग्राउंड पर वर्षों से जमा कचरे के निस्तारण को लेकर नगर निगम ने अब काम में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने शुक्रवार को नांता स्थित आरडीएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट तथा लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अप्रैल 2027 तक साइट पर जमा समूचे लीगेसी वेस्ट का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने प्लांट में कचरे के प्रसंस्करण के बाद तैयार हो रही खाद का उपयोग नगर निगम के उद्यानों में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ उससे उपयोगी संसाधन तैयार करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
खाली हुई जमीन का होगा समतलीकरण
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि अब तक किए गए लीगेसी वेस्ट निस्तारण से साइट पर काफी जमीन खाली हो चुकी है, लेकिन कई स्थानों पर जमीन ऊबड़-खाबड़ है और गहरे गड्ढे भी बने हुए हैं। उन्होंने आरडीएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट के माध्यम से निस्तारण के बाद खाली हो रहे स्थानों का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि साइट का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
उन्होंने शहर से प्रतिदिन ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचने वाले फ्रेश वेस्ट का आरडीएफ कम्पोस्ट प्लांट के जरिए शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माणाधीन बाउंड्रीवॉल का शेष कार्य जल्द पूरा करने और कम्पोस्ट बेड पर जमा कचरे को हटाने के निर्देश भी दिए।
धीमे काम पर संवेदक को लगाई फटकार
आयुक्त ने आरडीएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट क्षेत्र में चल रहे सिविल निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पिछले निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के बावजूद कई कार्य अब तक अधूरे हैं। ऐसे में अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाकर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। लीगेसी वेस्ट निस्तारण में लगे संवेदक को भी मशीनों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए गए।
अब भी 11.1 लाख क्यूबिक मीटर कचरा बाकी
नांता साइट पर लीगेसी वेस्ट निस्तारण का कुल लक्ष्य 13.3 लाख क्यूबिक मीटर निर्धारित किया गया है। इसमें से अब तक 2.2 लाख क्यूबिक मीटर कचरे का निस्तारण हो चुका है, जबकि करीब 11.1 लाख क्यूबिक मीटर कचरा अभी भी निस्तारित किया जाना शेष है। आयुक्त ने शेष कचरे के निस्तारण के लिए निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना के अनुरूप तेजी से काम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता तनुज शर्मा, सहायक अभियंता रूपम तिवारी, कनिष्ठ अभियंता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।