गिरिराज धरण की भव्य झांकी के होंगे दर्शन, भगवान को अर्पित होगा छप्पनभोग; भजन संध्या के साथ समाजसेवियों का सम्मान और नेत्रदान-देहदान का लिया जाएगा संकल्प
कोटा। अग्रवाल समाज की एकता, सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का भव्य संगम शनिवार को कोटा के दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच परिसर में देखने को मिलेगा। समस्त अग्रवाल समाज, कोटा एवं कोटा संभाग की विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सायं 5 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में कोटा सहित बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों से लगभग 15 हजार अग्रबंधुओं के शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव में भगवान श्री गिरिराज धरण की आकर्षक एवं भव्य झांकी सजाई जाएगी तथा भगवान को छप्पनभोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष भजन संध्या का आयोजन होगा, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। आयोजन के दौरान समाज के भामाशाहों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। वहीं सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देते हुए नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संकल्प संबंधी महत्वपूर्ण घोषणा भी की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल एवं स्वागत अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के मुख्य सूत्रधार हेमराज जिंदल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कोटा संभाग के अग्रवाल समाज को एक साझा मंच पर लाकर आपसी एकता, समन्वय और संगठनात्मक शक्ति को मजबूत करना है। यह महोत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी का भी प्रतीक बनेगा।
मीडिया प्रभारी परमानन्द गोयल एवं संजय गोयल ने बताया कि आयोजन के माध्यम से सामाजिक भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता को सुदृढ़ करने के साथ अग्रवाल समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि
मुख्य समन्वयक महेश गुप्ता एवं चंद्रप्रकाश सिंघल ने बताया कि महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री जगदीश जिंदल एवं पार्षद लोकेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहेंगे।
पीले चावल देकर घर-घर पहुंचाया निमंत्रण
संयोजक रमेश चंद्र गोयल ने बताया कि समाज के प्रत्येक परिवार को आयोजन से जोड़ने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। इसके तहत घर-घर कूपन वितरित करने के साथ पीले चावल देकर समाजबंधुओं को सपरिवार महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
11 समितियां संभालेंगी आयोजन की जिम्मेदारी
युवा संयोजक सुमित जैन एवं लोकेश गुप्ता ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए 11 समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को भोजन व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथि सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महोत्सव में भोजन वितरण की संपूर्ण व्यवस्था महिलाओं द्वारा संभाली जाएगी। यह पहल आयोजन में महिला सहभागिता और सामाजिक समन्वय की विशेष मिसाल बनेगी।
भक्ति और परंपरा का दिखेगा अनूठा संगम
महिला संयोजिका क्षमा गुप्ता, उमा सिंघल, गायत्री मित्तल, स्वाति गर्ग एवं हेमलता गुप्ता ने बताया कि समारोह में भगवान श्री गिरिराज धरण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी और छप्पनभोग अर्पित किया जाएगा। भजन संध्या में भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। समाजबंधु सामूहिक रूप से धार्मिक उत्सव में भाग लेकर परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाएंगे।
पोस्टर का किया विमोचन
महोत्सव के पोस्टर का शुक्रवार को विमोचन किया गया। इस अवसर पर डॉ. आरके राजवंशी, जगदीश अग्रवाल, राजेश मित्तल, जयंत अग्रवाल (टोनू), सह समन्वयक महेन्द्र गर्ग, युवा समन्वयक शंकर अग्रवाल, शैल अग्रवाल, संगठन महामंत्री हितेश मित्तल, युवा सह समन्वयक सुरेन्द्र गोयल, युवा समन्वयक विजय गोयल, युवा सह समन्वयक आशीष गोयल, आशीष गुप्ता, अमित रामुका, चैतन्य गोयल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, यश गोयल, नीलेश गोयल, कैलाश जैन, रोहित जैन, आशीष जैन, ब्रह्मानंद गर्ग, धीरज गोयल, मयंक अग्रवाल, टीकम खंडवाला, वर्षा गुप्ता, नैना गर्ग, प्रतिमा गुप्ता, आरती गुप्ता एवं निरुपमा अग्रवाल सहित विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।