क्राइम

चरागाह भूमि पर हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति ध्वस्त

Admin Desk
26 Nov 2026, 03:18 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा ग्रामीण पुलिस द्वारा सक्रिय अपराधियों और अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को देवलीमांझी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार, कस्बा देवलीमांझी निवासी हिस्ट्रीशीटर देवेन्द्र गुर्जर पुत्र छोटूलाल गुर्जर (उम्र 48 वर्ष) द्वारा दो बीघा चरागाह भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध पक्के मकान (लगभग 2000 वर्गफीट) और बाड़े को प्रशासन के सहयोग से जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर खाली कराया गया।

राजस्व टीम द्वारा की गई जांच में उक्त निर्माण अवैध पाए जाने के बाद तहसीलदार कनवास और प्रशासन की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। अवैध कार्यों की रोकथाम व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई में ध्वस्त व खाली कराई गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर देवेन्द्र गुर्जर के विरुद्ध मारपीट, रोड जाम सहित अन्य मामलों में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोटा ग्रामीण) रामकल्याण मीणा के सुपरविजन में वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों को सूचीबद्ध अपराधियों तथा अवैध रूप से अर्जित या कब्जा की गई संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान सांगोद वृत्ताधिकारी नरेन्द्र जैन, तहसीलदार कनवास राजेन्द्र कुमार सुमन, नायब तहसीलदार कनवास महेन्द्र सिंह, थानाधिकारी सांगोद पवन मीणा, थानाधिकारी देवलीमांझी गिरिराज शर्मा और थानाधिकारी बपावरकलां सुरेश मीणा मय जाप्ता तथा आरएसी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

TAGS: #हिस्ट्रीशीटर #अवैध निर्माण पर बुलडोजर #पुलिस कार्यवाही #पुलिस #अतिक्रमण #