राजनीति

अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली बनीं जिला प्रमुख, हीरेन्द्र शर्मा की रणनीति आई काम

Admin Desk
25 Nov 2026, 10:31 PM
Pramukh Samvad
News Image

तीन महीने तक संभाली संगठन की कमान, चुनाव में भाजपा को मिले 21 वोट; कांग्रेस के खाते में आए 11 वोट

कोटा, 25 नवम्बर। अजमेर जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए पूजा भंसाली को जिला प्रमुख निर्वाचित कराया। इस जीत में भाजपा के संगठन प्रभारी हीरेन्द्र शर्मा की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कौशल अहम साबित हुआ। शर्मा पिछले करीब तीन महीने से अजमेर में पार्टी प्रत्याशियों को संगठनात्मक मजबूती देने और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हुए थे।

भाजपा की ओर से पूजा भंसाली को जिला प्रमुख का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद बुधवार को हीरेन्द्र शर्मा जिला परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने संगठन प्रभारी के रूप में नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया और जिला कलेक्टर के समक्ष पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न प्रस्तुत किया। इस दौरान अजमेर देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, प्रदेश उपाध्यक्ष सरलता गाना एवं प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल भी मौजूद रहे।

21 वोट लेकर भाजपा ने हासिल की निर्णायक बढ़त

हीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि जिला परिषद चुनाव में भाजपा के 20 सदस्य निर्वाचित हुए थे, जबकि कांग्रेस के 12 और दो निर्दलीय सदस्य थे। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा को एक निर्दलीय का समर्थन मिलने से कुल 21 वोट प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग के चलते केवल 11 वोट मिले, जबकि एक निर्दलीय सदस्य ने नोटा का विकल्प चुना।

शर्मा ने बताया कि पार्टी के निर्देश पर वे पिछले तीन महीने से अजमेर में संगठन को मजबूत करने, प्रत्याशियों के साथ समन्वय बनाने और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे थे। सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से भाजपा को यह सफलता मिली है। पूजा भंसाली का जिला प्रमुख निर्वाचित होना संगठन की एकजुटता और सुनियोजित चुनावी रणनीति का परिणाम है।

TAGS: #अजमेर जिला परिषद #जिला प्रमुख चुनाव #अजमेर #भाजपा #चुनाव #