कोटा

कोटा में जुटेगा देशभर का उद्योग, व्यापार और पर्यटन जगत, हाड़ौती के विकास को मिलेगी नई उड़ान

Admin Desk
25 Nov 2026, 07:34 PM
Pramukh Samvad
News Image

18 से 20 दिसंबर तक होगा बीएनआई इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट-2.0, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि; पद्म भूषण डॉ. डी.आर. मेहता सहित देश की प्रतिष्ठित हस्तियां करेंगी शिरकत

500 से अधिक उद्यमी, उद्योगपति और निवेशक होंगे शामिल, 63 विदेशी दूतावासों एवं मिशनों को भेजा निमंत्रण; अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और पर्यटन की संभावनाओं पर होगा मंथन

कोटा। शिक्षा नगरी कोटा को उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। बीएनआई कोटा जिला के तत्वावधान में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ के सहयोग से 18 से 20 दिसंबर तक बूंदी रोड स्थित हरियाली रिसॉर्ट में तीन दिवसीय बीएनआई इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट-2.0 आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन हाड़ौती के औद्योगिक सामर्थ्य, स्थानीय उत्पादों, निवेश की संभावनाओं और समृद्ध पर्यटन विरासत को व्यापक मंच प्रदान करने के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलने का प्रयास करेगा।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में देशभर से 500 से अधिक उद्यमी, उद्योगपति, निवेशक, कारोबारी और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 19 दिसंबर को मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, 20 दिसंबर को समापन समारोह में राजस्थान रेडक्रॉस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि होंगे। पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. डी.आर. मेहता सहित वित्तीय, औद्योगिक, बैंकिंग, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की सहभागिता सम्मेलन को विशेष महत्व प्रदान करेगी।

सम्मेलन के पोस्टर विमोचन अवसर पर एसएसआई कोटा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. गोविंदराम मित्तल, फेडरेशन ऑफ राजस्थान के कोटा डिवीजन अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, बीएनआई कोटा के कार्यकारी निदेशक प्रियांक गुप्ता, पीयूष गुप्ता एवं दर्शन कोठारी, बीएनआई चंबल के अध्यक्ष अमान खान, उपाध्यक्ष आयुष जैन और सचिव प्रतीक गुप्ता सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

उद्योग और वित्तीय जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां साझा करेंगी अनुभव

बीएनआई कोटा के कार्यकारी निदेशक प्रियांक गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में देश के औद्योगिक एवं वित्तीय क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तित्व उद्यमियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। आयोजन के संरक्षक एवं मार्गदर्शकों में पद्म भूषण डॉ. डी.आर. मेहता, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व उप-गवर्नर; उद्योग भूषण डॉ. गोविंदराम मित्तल, एसएसआई कोटा के संस्थापक अध्यक्ष तथा लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. ताराचंद गोयल शामिल हैं।

राजस्थान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से जुड़े डॉ. के.एल. जैन मुख्य सलाहकार की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं प्रमुख सलाहकारों में राजस्थान व्यापार एवं उद्योग महासंघ (फोर्टी) के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के शीर्ष निकाय के अध्यक्ष विमल सिंघवी, एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष नरेंद्र जैन, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, भारतीय रियल एस्टेट विकासकर्ता संघ परिसंघ के उपाध्यक्ष डॉ. के.सी. परवाल, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ राजस्थान के उपाध्यक्ष महेश पालीवाल तथा रणनीतिक विचारक ज्योति कुमार कोठारी शामिल हैं।

पीयूष गुप्ता एवं दर्शन कोठारी ने बताया कि पद्म भूषण डॉ. डी.आर. मेहता की सहभागिता सुनिश्चित हो चुकी है। वे व्यवसाय में सामाजिक उत्तरदायित्व और समाज के प्रति उद्यमों की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अतिरिक्त कोटा के युवराज जयदेव सिंह, बीएनआई उत्तर भारत के प्रबंध निदेशक सुनील के. तथा बूंदी के महाराजा वंशवर्धन सिंह की सहभागिता भी प्रस्तावित है। उद्यमी मिथुन संचेती और गणपत एल. चौधरी सहित अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों को भी आमंत्रित किया गया है।

63 विदेशी दूतावासों को निमंत्रण, अंतरराष्ट्रीय व्यापार के खुलेंगे नए रास्ते

बीएनआई चंबल के अध्यक्ष अमान खान एवं उपाध्यक्ष आयुष जैन ने बताया कि इस सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संपर्कों का प्रभावी मंच बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रदर्शनी में सहभागिता के लिए 63 विदेशी दूतावासों एवं राजनयिक मिशनों को निमंत्रण भेजे गए हैं। थाईलैंड की राजदूत को भी आमंत्रित किया गया है। विशेष रूप से एशियाई एवं अफ्रीकी देशों के साथ व्यापारिक संबंध विकसित करने पर जोर रहेगा।

सम्मेलन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंडप के माध्यम से आयात-निर्यात, विदेशी निवेश, व्यावसायिक साझेदारी और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न कंपनियां अपने उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगी। इससे स्थानीय उद्यमियों को देश-विदेश के कारोबारियों, निवेशकों और संभावित व्यावसायिक साझेदारों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।

कोटा स्टोन से खाद्य प्रसंस्करण तक, स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बड़ा मंच

डॉ. गोविंदराम मित्तल ने कहा कि कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। कोटा स्टोन, रसायन एवं उर्वरक उद्योग, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण, लघु एवं मध्यम उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र में यहां की विशिष्ट पहचान है। आवश्यकता इन क्षमताओं को बड़े बाजार, आधुनिक तकनीक और निवेश के अवसरों से जोड़ने की है।

समिट में इन क्षेत्रों के उद्यमियों को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन के साथ देशभर के डीलर्स, वितरकों, आपूर्तिकर्ताओं, निवेशकों और संभावित बिजनेस पार्टनर्स से संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा। वित्तीय सहयोग, नवाचार, बाजार विस्तार और व्यावसायिक विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र एवं संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।

चंबल रिवर फ्रंट से गढ़ पैलेस तक, हाड़ौती के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

बीएनआई चंबल के उपाध्यक्ष आयुष जैन ने बताया कि सम्मेलन का एक प्रमुख उद्देश्य हाड़ौती की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करना भी है। कोटा बैराज, चंबल रिवर फ्रंट, गढ़ पैलेस, किशोर सागर, सेवन वंडर्स, ऐतिहासिक दुर्गों, महलों और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

होटल, रिसॉर्ट, आतिथ्य सेवाओं, यात्रा एवं पर्यटन व्यवसाय में निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। इस संबंध में पर्यटन विभाग के अधिकारियों से संवाद किया गया है। आयोजकों के अनुसार, हाड़ौती की पर्यटन विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विभाग की मौखिक सहमति प्राप्त हुई है तथा औपचारिक सहभागिता की प्रक्रिया जारी है।

प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक संगठनों का मिलेगा सहयोग

समिट को व्यापक स्वरूप देने के लिए प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों को भी साथ जोड़ा जा रहा है। इनमें लघु उद्योग भारती, राजस्थान वाणिज्य एवं उद्योग मंडल, राजस्थान व्यापार एवं उद्योग महासंघ, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ राजस्थान, राजस्थान नियोजक संघ, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा व्यापार महासंघ तथा नवाचार आधारित उद्यमों एवं उद्योगों के संगठन शामिल हैं।

इन संगठनों की सहभागिता से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों और कारोबारियों को एक मंच पर लाने तथा व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

हाड़ौती के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

फेडरेशन ऑफ राजस्थान के कोटा डिवीजन अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि उद्योग, व्यापार और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाले ऐसे आयोजन क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे स्थानीय उद्योगों एवं उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलेगी तथा हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।

उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले उद्यमियों एवं निवेशकों को हाड़ौती के औद्योगिक उत्पादन, व्यापारिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाओं से परिचित कराने का यह एक प्रभावी अवसर होगा। स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ना, नए उद्योगों को प्रोत्साहित करना, निवेश आकर्षित करना, युवाओं के लिए उद्यमिता के अवसर विकसित करना और पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा देना इस सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्य हैं।

आयोजन की तैयारियों में जुटी बीएनआई की टीम

सम्मेलन की कार्यकारी समिति में बीएनआई कोटा के कार्यकारी निदेशक प्रियांक गुप्ता, पीयूष गुप्ता एवं दर्शन कोठारी शामिल हैं। इनके नेतृत्व में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बीएनआई चंबल के अध्यक्ष अमान खान, उपाध्यक्ष आयुष जैन एवं सचिव प्रतीक गुप्ता आयोजन के समन्वय, व्यावसायिक सहभागिता, प्रचार-प्रसार और संचालन की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

आयोजकों का मानना है कि बीएनआई इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट-2.0 केवल एक औद्योगिक प्रदर्शनी या व्यावसायिक सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह कोटा और संपूर्ण हाड़ौती को निवेश, उद्यमिता, व्यापार और पर्यटन के एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। इस मंच के माध्यम से स्थानीय प्रतिभा, संसाधनों और उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़कर क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है।

TAGS: #बीएनआई इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट-2.0 #