10 करोड़ रुपये की लागत से 25 आइसोलेशन वार्ड और कनेक्टिविटी कॉरिडोर का लोकार्पण, एक साल में चिकित्सा सुविधाओं में व्यापक बदलाव का लक्ष्य
कोटा। कोटा मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त आदर्श अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए अगले एक वर्ष में चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत ढांचे और मरीजों की सुविधाओं में व्यापक सुधार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बिरला मंगलवार को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 25 आइसोलेशन वार्ड तथा मेडिकल कॉलेज अस्पताल और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को जोड़ने वाले कनेक्टिविटी कॉरिडोर के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से मरीजों के उपचार की व्यवस्था अधिक सुगम होगी और चिकित्सकों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
कैंसर अस्पताल सहित कई नई सुविधाओं की तैयारी
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज में केवल हाड़ौती ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश सहित आसपास के कई राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। कैंसर अस्पताल की स्वीकृति मिल चुकी है और इसकी डीपीआर तैयार होने के बाद लगभग चार माह में शिलान्यास का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में 120 बेड का स्पाइनल इंजरी सेंटर, 50 बेड का क्रिटिकल केयर वार्ड तथा 90 कॉटेज एवं क्यूबिकल वार्ड विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सेंटर स्थापित करने के साथ इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
मरीजों के परिजनों के लिए बनेगा 900 बेड का रामाश्रय
बिरला ने कहा कि उपचार के लिए बाहर से आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने और भोजन की परेशानी से राहत दिलाने के लिए मेडिकल कॉलेज में 900 बेड का रामाश्रय विकसित किया जा रहा है। यहां आवास के साथ मरीज के दो परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता, पंजीकरण, दवा वितरण और मरीजों की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। चिकित्सा सेवाओं का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीज और उसके परिजनों को हर स्तर पर सहयोग और संवेदनशीलता का अनुभव होना चाहिए। जरूरतमंद व्यक्ति को देश के किसी भी अस्पताल में उपचार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों से सेवाभाव और संवेदनशीलता के साथ मरीजों का उपचार करने का आह्वान किया।
कॉरिडोर से गंभीर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत : संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड और कनेक्टिविटी कॉरिडोर जैसी सुविधाओं का विकास चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और न्यू हॉस्पिटल के बीच कॉरिडोर बनने से गंभीर मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए एक भवन से दूसरे भवन तक ले जाने में आसानी होगी। इससे मरीजों के साथ चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रामाश्रय भवन बनने से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी। कैंसर यूनिट की घोषणा के बाद इसके निर्माण को लेकर वित्तीय स्वीकृति मिलने से अब परियोजना आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही उपस्थिति
लोकार्पण समारोह में महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन सहित चिकित्सकगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।