विविध/अन्य

15,200 फीट की ऊंचाई पर कोटा के श्रद्धालुओं ने फहराया तिरंगा, तवांग यात्रा में गूंजा भारत माता का जयघोष

Admin Desk
24 Nov 2026, 03:01 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा। भारत तिब्बत सहयोग मंच के तत्वावधान में आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा कोटा के श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय संकल्प की यादगार यात्रा बन गई। अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम बुमला बॉर्डर पर लगभग 15,200 फीट की ऊंचाई और माइनस 15 डिग्री तापमान के बीच कोटा से पहुंचे यात्रियों ने तिरंगा फहराकर मातृभूमि के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान का परिचय दिया।

भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिसोदिया ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तिरंगा फहराने के दौरान यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने चीन की विस्तारवादी नीति के विरोध में नारे लगाते हुए भारत की सीमाओं की सुरक्षा और तिब्बत की स्वतंत्रता का संदेश दिया। इस अवसर पर 'चीन की सीमा चीन की दीवार, बाकी सब कब्जा है', 'तिब्बत को आजाद करो' और 'कैलाश मानसरोवर को मुक्त करो' जैसे नारों से सीमावर्ती क्षेत्र गूंज उठा। यात्रियों ने वहां तैनात भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

प्रकृति, आध्यात्मिकता और इतिहास से हुआ साक्षात्कार

तवांग यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अरुणाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े अनेक स्थलों का भ्रमण किया। बौद्ध मठों में दर्शन के साथ सेला पास, प्रसिद्ध माधुरी झील, जंग जलप्रपात और जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक की यात्रा ने सभी को अलग-अलग अनुभवों से जोड़ा। हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं, बर्फ से ढके रास्तों और मनोहारी प्राकृतिक दृश्यों ने यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

यात्रा के दौरान अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय निवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। इस स्वागत ने देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के भाव को और मजबूत किया।

मां कामाख्या के दर्शन के साथ हुआ यात्रा का समापन

यात्रा का समापन गुवाहाटी स्थित शक्तिपीठ मां कामाख्या के दर्शन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और राष्ट्र की सुरक्षा की कामना की। संपूर्ण यात्रा ने प्रतिभागियों को यह अनुभूति कराई कि देश की सीमाएं केवल भौगोलिक सीमाएं नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक भी हैं।

इस यात्रा में कोटा से चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष अरविंद कौशल, जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम, प्रांतीय मंत्री ओमप्रकाश सोनी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष छुट्टनलाल शर्मा एवं डॉ. आर.सी. गौतम सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। यात्रियों ने कहा कि तवांग की यह यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक एवं पर्यटन भ्रमण नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, सैनिकों के सम्मान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को और मजबूत करने वाला अनुभव रही।

TAGS: #भारत तिब्बत सहयोग मंच #