हेल्थ

राष्ट्रीय मायोपिया सप्ताह के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों की दृष्टि सुरक्षा का लिया गया संकल्प

Admin Desk
22 Nov 2026, 11:18 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा, बच्चों और युवाओं में तेजी से बढ़ती निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) की समस्या के प्रति समाज को जागरूक करने तथा समय रहते इसकी रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डालने के उद्देश्य से कोटा में ‘राष्ट्रीय मायोपिया सप्ताह’ (नेशनल मयोपिया वीक ) के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कोटा, आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान कोटा चैप्टर एवं कोटा डिवीजनल ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस आयोजन के माध्यम से ‘एक्ट ऑन मायोपिया' यानि कि बच्चों की दृष्टि की सुरक्षा के लिए एक जन-आंदोलन’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस विशेष अवसर पर विश्व मायोपिया सप्ताह के तहत आमजन में जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष जन-जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में चिकित्सा जगत के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। सुवि आई हॉस्पिटल के नेत्र चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, डॉ. एस. के. गुप्ता, डॉ. निपुन बागरेचा एवं डॉ. सुभाष गुप्ता, आईएमए कोटा के अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता एवं सचिव डॉ. अजीत धाकड़, केडीओएस के अध्यक्ष डॉ. कमलेश केदावत एवं सचिव डॉ. राजेंद्र चंदेल, तथा आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान (कोटा चैप्टर) के अध्यक्ष डॉ. के. के. कंजोलिया ने बढ़ते स्मार्ट फोन के उपयोग के कारण भारत में स्कूल के बच्चों में निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) की बहुत तेजी से बढ़ती संख्या के बारे में चिंता व्यक्त की। इसके साथ ही, सर्वम इंस्टीट्यूट, कोटा से पधारे शिक्षाविद श्री जितेन्द्र चाँदवानी, श्री परमानंद गोयल जी,  प्रसिद्ध साहित्यकार श्री विजय जोशी जी, डॉ. वैदेही गौतम की गरिमामयी उपस्थिति और उत्साहवर्धन ने इस जागरूकता आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की, जिसे सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञों ने मायोपिया के बढ़ते वैश्विक और राष्ट्रीय आंकड़ों  का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान समय में स्क्रीन टाइम बढ़ने और जीवनशैली में आए बदलावों के कारण मायोपिया एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनकर उभर रहा है। वैश्विक स्वास्थ्य अध्ययनों के अनुसार, यदि समय रहते मायोपिया पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो वर्ष 2050 तक दुनिया भर में लगभग पांच बिलियन (500 करोड़) लोग, अर्थात् विश्व की लगभग आधी आबादी मायोपिया से प्रभावित हो सकती है। भारत में भी स्कूली बच्चों में चश्मे का नंबर बढ़ने की दर लगातार बढ़ रही है, जिसे केवल सामूहिक जागरूकता और सही आदतों को अपनाकर ही रोका जा सकता है।

नेत्र विशेषज्ञों ने अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों को मायोपिया से बचाव के लिए अत्यंत सरल एवं प्रभावी उपाय अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे प्राकृतिक सूर्य की रोशनी (सन लाइट ) में खुले मैदान में खेलने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि प्राकृतिक प्रकाश आँखों के स्वस्थ विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अतिरिक्त, पढ़ाई करते समय या मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर जैसे डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते समय ‘20-20-20 नियम’  का पालन करना अत्यंत आवश्यक है; इसके तहत हर 20 मिनट के स्क्रीन या नजदीकी काम के बाद कम से कम 20 सेकंड का ब्रेक लेकर 20 फीट दूर स्थित किसी वस्तु को देखना चाहिए, जिससे आँखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। साथ ही, किसी भी प्रकार के दृष्टि दोष की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान करने के लिए वर्ष में कम से कम एक बार बच्चों की नियमित रूप से संपूर्ण नेत्र जांच  करवाना अनिवार्य बताया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों की आँखों की सुरक्षा का यह साझा संकल्प केवल इस सभागार तक सीमित न रहकर हर घर, कक्षा और खेल के मैदान तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि हम सभी मिलकर बच्चों के दैनिक जीवन में आउटडोर खेलों के लिए पर्याप्त जगह बनाएं, उन्हें स्वस्थ दृष्टि की आदतें सिखाएं और जब भी कोई बच्चा स्पष्ट देखने में कठिनाई महसूस करे या ब्लैकबोर्ड पढ़ने में असमर्थता जताए, तो उसकी बात को गंभीरता से सुनें। एक बच्चा जब अपनी किताब से नजर उठाए, तो उसके सामने धुंधलापन नहीं बल्कि संभावनाओं से भरी एक स्पष्ट, उज्ज्वल और सुंदर दुनिया होनी चाहिए। जिन आँखों से बच्चे इस दुनिया को देखते, समझते और अपने भविष्य के सपने बुनते हैं, उनकी देखभाल के लिए पूरे समाज का एक साथ आना आज के इस आयोजन को अत्यंत सार्थक बनाता है।



 

TAGS: #राष्ट्रीय मायोपिया सप्ताह #