कोटा। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत से देशभर में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपए तथा हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मृतकों के परिजनों के प्रति PM मोदी ने जताई संवेदना
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोटा में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा कि राजस्थान के कोटा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
CM भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है।
कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे ने एक ही परिवार के 9 लोगों की जिंदगी छीन ली। घटना के बाद से ही शोक और संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।