कोटा

कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

Sanjay kumar
22 Nov 2026, 10:53 AM
Pramukh Samvad
News Image

खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार, महिलाओं और बच्चों समेत 16 लोग थे क्रूजर में सवार; ट्रक चालक सहित कई घायल

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नांता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

हादसे में मृतक 

हादसा रात करीब एक बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नांता थाना पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त क्रूजर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे। परिवार मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर निकला था। इस दौरान सभी ने मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर, राजस्थान के पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन किए थे। शनिवार रात परिवार महाराष्ट्र स्थित अपने घर लौट रहा था।

परिवार के कुल 36 सदस्य तीन अलग-अलग वाहनों में यात्रा कर रहे थे। सभी गाड़ियां एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रही थीं। इसी दौरान सबसे आगे चल रही क्रूजर शंभूपुरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पीछे चल रहे वाहनों में सवार परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।

आठ की मौके पर मौत, अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि क्रूजर में सवार आठ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला माधवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या नौ हो गई।

मृतकों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

ट्रक चालक को भी टक्कर मारकर 20 फीट दूर फेंका

हादसे में ट्रक चालक हारून (43) भी घायल हो गया। वह मध्यप्रदेश के खंडवा का निवासी है। हारून के अनुसार, ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा होकर खराबी देख रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई क्रूजर ने उसे टक्कर मार दी और इसके बाद ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हारून करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा और बेहोश हो गया। लगभग दस मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में उसके सिर और घुटनों में चोट आई है।

तीन साल के मासूम समेत कई घायल

दुर्घटना में तीन साल के मासूम सृजेत सहित जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30) और ट्रक चालक हारून (43) घायल हुए। गंभीर रूप से घायल मनीषा को अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है।

नींद की झपकी आने की आशंका, पुलिस कर रही जांच

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान क्रूजर चालक को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। धार्मिक स्थलों के दर्शन कर खुशी-खुशी घर लौट रहा परिवार रास्ते में हुए इस भीषण हादसे का शिकार हो गया। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

TAGS: #सड़क हादसा #एक्सीडेंट #कोटा #टक्कर #मौत #