कोटा। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, कोटा जंक्शन की ओर से शनिवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस अवसर पर भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व पार्षद आशा चतुर्वेदी के निवास स्थान के समीप नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने स्वयं पंज प्यारों को माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं और संगत पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने देवउठनी एकादशी की कोटावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा सभी पर बनी रहे। प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ, सुखी और निरोगी रहे तथा सभी के जीवन में खुशहाली एवं प्रसन्नता बनी रहे।
जैन ने कहा कि श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित नगर कीर्तन में शामिल होकर उन्हें आत्मिक आनंद और प्रसन्नता की अनुभूति हुई। गुरु नानक देव जी ने सत्य, सेवा, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देकर संपूर्ण मानवता को सद्भाव एवं एकता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी समाज को परस्पर प्रेम, सहयोग और सेवा की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता का प्रतीक भी है। भारतीय जनता पार्टी सर्वधर्म समभाव की भावना में विश्वास रखती है। ऐसे पावन अवसर पर संगत का स्वागत एवं पंज प्यारों का सम्मान करना उनके लिए सौभाग्य और श्रद्धा का विषय है।
नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा मार्ग ‘वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र खजांची, जिला युवा प्रमुख रोहित चंदेल, पूर्व पार्षद आशा चतुर्वेदी, विधि प्रकोष्ठ से गोपाल चौबे, स्टेशन मंडल अध्यक्ष दिनेश सरसिया, रेलवे कॉलोनी मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सिंह निर्भय, पार्षद निशा हाड़ा, महामंत्री निखिल शर्मा, विवेकानंद शुक्ला, योगेश बत्रा, दिव्यराज सिंह, लोकराज सिंह गौड़, धर्मेन्द्र विजय, सुरेन्द्र शुक्ला, रोहित वर्मा, पवन शर्मा, गीतिका शर्मा, अनामी दीक्षित, अनिता परिहार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।