कोटा

कोटा में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की तैयारी तेज, KDA के नेतृत्व में गठित हुआ ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड

Sanjay kumar
19 Nov 2026, 10:32 PM
Pramukh Samvad
News Image

सभी संबंधित विभाग एक मंच पर आएंगे, ट्रैफिक मास्टर प्लान से लेकर पार्किंग और सड़क सुरक्षा तक के कार्यों को मिलेगी गति

कोटा। शहर की तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कोटा में एक नई संस्थागत पहल की गई है। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के प्रस्ताव एवं पहल पर राज्य सरकार ने ‘कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड’ का गठन किया है। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत कोटा विकास प्राधिकरण अधिनियम, 2023 की धारा 13 के अंतर्गत इस बोर्ड का गठन किया गया है। बोर्ड की कमान KDA आयुक्त के हाथों में रहेगी।

बोर्ड के गठन का उद्देश्य शहर में यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित करने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप दीर्घकालीन योजनाएं तैयार करना है। इसके माध्यम से यातायात, पुलिस, परिवहन, नगर निकाय, सड़क निर्माण और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

एक मंच पर होंगे सभी प्रमुख विभाग

कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड में जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कोटा सिटी एवं कोटा ग्रामीण, KDA सचिव, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक (संचालन), सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रतिनिधि तथा KDA के निदेशक अभियांत्रिकी, निदेशक नगर आयोजना और निदेशक वित्त को सदस्य बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त महापौर/प्रशासक, नगर निगम कोटा एवं अध्यक्ष/प्रशासक, नगर पालिका केशवरायपाटन को भी बोर्ड में शामिल किया गया है। वहीं, प्राधिकरण के अध्यक्ष की ओर से दो अन्य व्यक्तियों को भी नामित किया जाएगा।

ट्रैफिक मास्टर प्लान और पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा फोकस

कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि शहर में तेजी से हो रहे विकास और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए एक समग्र एवं दीर्घकालीन यातायात योजना तैयार करने की आवश्यकता है। बोर्ड के गठन से यातायात से जुड़े सभी विभागों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां ट्रैफिक मास्टर प्लान, आधुनिक यातायात सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

सड़क निर्माण से लेकर खुदाई तक में होगा बेहतर समन्वय

KDA सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि बोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाएगा। सड़क निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के दौरान यातायात संबंधी जरूरतों को भी प्राथमिकता से ध्यान में रखा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि पार्किंग व्यवस्था, सड़कों की खुदाई, यातायात संकेतकों और अन्य संबंधित विषयों पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्यवाही को गति मिलेगी। इससे विकास कार्यों के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलेगी।

यातायात शिक्षा के जरिए नागरिकों को भी जोड़ने की पहल

अधिनियम के प्रावधानों के तहत बोर्ड यातायात नियंत्रण एवं यातायात शिक्षा के लिए नागरिकों और प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग ले सकेगा। उनसे सुझाव प्राप्त करने और नियमानुसार निधि जुटाने का भी प्रावधान किया गया है। यातायात शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड का गठन शहर के परिवहन एवं यातायात प्रबंधन को दीर्घकालीन दृष्टिकोण से विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम है। इससे शहर की मौजूदा यातायात समस्याओं के समाधान के साथ भविष्य में बढ़ने वाली परिवहन आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

TAGS: #ट्रैफिक मास्टर प्लान #कोटा विकास प्राधिकरण KDA #ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड #नगरीय विकास एवं आवासन विभाग #