कोटा। राष्ट्रीय मायोपिया जागरूकता सप्ताह (14–20 नवंबर 2026) के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–1, कोटा में नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेज़र सेंटर, कोटा के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मायोपिया (निकट दृष्टिदोष), आँखों में एलर्जी, डिजिटल आई स्ट्रेन, ड्राई आई एवं भेंगापन जैसी समस्याओं के कारणों, लक्षणों और बचाव की जानकारी दी। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि वैज्ञानिक अनुमानों के अनुसार वर्ष 2050 तक विश्व के लगभग 5 अरब लोग, यानी करीब आधी आबादी, मायोपिया से प्रभावित हो सकती है। अत्यधिक नजदीक से पढ़ना, स्क्रीन का अधिक उपयोग, बाहरी गतिविधियों की कमी तथा आनुवंशिक प्रवृत्ति मायोपिया के महत्वपूर्ण जोखिम कारक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को 'MYOPIA' के छह अनमोल सूत्र बताए— M: मैदान में प्रतिदिन लगभग दो घंटे खेलें, Y: याद रखें 20-20-20 नियम, O: उचित दूरी से पढ़ें, P: पोषण एवं पर्याप्त नींद लें, I: नियमित आई चेकअप करवाएँ तथा A: आज ही आँखों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएँ। डॉ. पाण्डेय ने कहा कि बच्चों की स्वस्थ आँखें ही विकसित भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों का अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करने, बाहरी खेलकूद बढ़ाने और नियमित नेत्र परीक्षण के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. पाण्डेय ने सरल भाषा में उत्तर दिया। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य श्री आर. एस. तंवर, उपप्राचार्य श्री बृजेन्द्र कुमार तिवारी, श्री मनीष कटारा, श्री महेन्द्र सिंह बिथू, श्रीमती रमा हाड़ा एवं समस्त शिक्षकगण का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय मायोपिया जागरूकता सप्ताह: बच्चों में बढ़ता मायोपिया चिंता का विषय, समय पर रोकथाम जरूरी
TAGS:
#राष्ट्रीय मायोपिया जागरूकता सप्ताह
#