क्राइम

पुलिस कार्यवाही: शॉपिंग सेंटर क्षेत्र में 'फिनोलेक्स' के नाम पर बिक रहे नकली सीपीवीसी पाइप जब्त, दुकानदार गिरफ्तार

Admin Desk
18 Nov 2026, 08:56 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा। कॉपीराइट उल्लंघन और नकली उत्पादों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटा जिला पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जिला कोटा शहर तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में थाना गुमानपुरा पुलिस ने एक नामी कंपनी के नकली पाइप बेचने वाले गोदाम पर दबिश देकर भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए हैं।

, नकली पाइप जप्त करते हुए पुलिस 

घटना का संक्षिप्त विवरण:

दिनांक 17.11.2026 को फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि एवं फील्ड मैनेजर (इन्वीक्टीस आईपीआर, मोहाली, पंजाब) श्री मनीष जिन्दल ने थाना गुमानपुरा में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि शॉपिंग सेंटर स्थित 'हुसैन ट्रेडर्स' द्वारा फिनोलेक्स कंपनी का हूबहू लोगो और मार्का लगाकर नकली सीपीवीसी पाइप बेचे जा रहे हैं, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान और सरकार को राजस्व की हानि हो रही है।

पुलिस की छापेमारी और बरामदगी:

पुलिस की कार्यवाही 

शिकायत मिलने पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना गुमानपुरा से उप-निरीक्षक चन्द्रभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों व स्वतंत्र गवाहों के साथ 'हुसैन ट्रेडर्स' (शॉपिंग सेंटर, कोटा) की दुकान और उसके पीछे स्थित गोदाम पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान फिनोलेक्स कंपनी के मार्का लगे कुल 7 बंडल (कट्टे) बरामद किए गए। कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा लाए गए असली पाइपों से मिलान करने पर प्रिंटिंग (स्क्रीन प्रिंटिंग), लोगो के आकार, आईएसआई मार्का और समय अंकन (टाइमिंग) में स्पष्ट अंतर पाया गया, जिससे पाइपों के नकली होने की पुष्टि हुई। दुकानदार इन उत्पादों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने मौके से 199 नकली सीपीवीसी पाइप जब्त कर लिए।

आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई:

मामले में दुकान के प्रोप्राइटर हुजेफा अली (पुत्र श्री नूरोद्दीन, उम्र 43 वर्ष, निवासी बोहरा मोहल्ला, टिपटा, थाना कैथूनीपोल, कोटा शहर) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) एवं कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63, 65 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जाँच जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

इस पूरी कार्रवाई में थाना गुमानपुरा, कोटा शहर के पुलिस निरीक्षक  सुनील कुमार सिंह, उप-निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, सहायक उप-निरीक्षक शेरसिंह, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र (207), कांस्टेबल धर्मराज (1752) और कांस्टेबल मनीष (1224) की सराहनीय भूमिका रही।

TAGS: #नकली माल कार्यवाही #कॉपीराइट उल्लंघन कार्यवाही #