वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कांग्रेस इंडिया गठबंधन करेगा पैदल मार्च
कोटा, 5 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत कोटा में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आंदोलन की घोषणा की है। इसी क्रम में 6 अक्टूबर को शाम 5 बजे डीसीएम पावर हाउस के सामने से कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा पैदल मार्च निकाला जाएगा। मार्च के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उन्हें पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।
इससे पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटा की ओर से सर्किट हाउस में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान सह प्रभारी पूनम पासवान, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम, देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह सहित इंडिया गठबंधन के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
राजस्थान सह प्रभारी पूनम पासवान ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े इन मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक अपनी आवाज उठाएगी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट उसका महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूचियों में कथित फेरबदल या अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को शाम 5 बजे डीसीएम पावर हाउस के सामने से पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसमें कोटा शहर के कांग्रेसजन और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मार्च के दौरान ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उन्हें पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रत्येक वार्ड और घर तक पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।
देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि यह मुद्दा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार से जुड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूचियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देहात कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेगी।
इंडिया गठबंधन के मार्क्सवादी पार्टी के हबीब खान और सीपीआई के दिनेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दल लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि संयुक्त प्रेस वार्ता में इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी, लाडपुरा के पूर्व प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, पीसीसी महासचिव अनूप ठाकुर, पीसीसी सचिव अर्चना सुराणा, महामंत्री तरुण चतुर्वेदी, मनीष शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अनूप मेहरा, न्याय विभाग के पदाधिकारी पदम गौतम सहित वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
TAGS:
##कांग्रेस #मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार #कांग्रेस इंडिया गठबंधन #पैदल मार्च #भारतीय कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय सचिव #राजस्थान सह प्रभारी पूनम पासवान #पूनम पासवान