कोटा: राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह के जन्मदिन के अवसर पर कोटा शहर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए गए। यह पूरा आयोजन जनसेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित रहा।

इस विशेष दिन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद नगर स्थित वृद्धाश्रम से हुई, जहाँ महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों के साथ केक काटकर प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह का जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों को भोजन कराया, उनके साथ कुछ समय बिताकर उनका कुशलक्षेम जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता खड़े गणेश जी स्थित गौशाला पहुँचे, जहाँ गौमाता को हरा चारा खिलाकर विधिवत गौसेवा की गई।
इस अवसर पर शालिनी गौतम ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह का जन्मदिन सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाना गर्व का विषय है। समाज के जरूरतमंदों और बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाना तथा गौमाता की सेवा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सारिका सिंह के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
शालिनी गौतम ने आगे कहा कि सारिका सिंह के कुशल नेतृत्व में महिला कांग्रेस संगठन आमजन के अधिकारों, सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों के लिए पूरी तरह सक्रिय है। संगठन का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनकर जनसेवा की भावना को धरातल पर उतारना है।
इस सेवा कार्य के दौरान स्वाति अग्रवाल, अंतिम गौतम, कमलेश शर्मा, राजेश सेन, सुनीता शर्मा, कमलेश कुमारी, सोना उपाध्याय, दुर्गेश गौतम और शीला शर्मा सहित कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।