कोटा

सरकारी गाड़ियों और प्रशासनिक तंत्र का चुनाव में खुला दुरुपयोग: कोटा में आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने वाले जिम्मेदार चेहरों पर कब गिरेगी गाज?

Admin Desk
17 Nov 2026, 05:52 PM
Pramukh Samvad
News Image

आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां: राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी तंत्र का अंधाधुंध इस्तेमाल

कोटा। पंचायती राज चुनाव के बीच कोटा से प्रशासनिक और नैतिक पतन की एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जहाँ एक ओर निर्वाचन आयोग और कानून के तहत निष्पक्ष चुनाव करवाने के कड़े निर्देश हैं, वहीं दूसरी ओर सत्ता के प्रभाव में आकर नियमों को ताक पर रख दिया गया है। नगर निगम कोटा की महापौर अनुसूया गोस्वामी द्वारा लगातार सरकारी संसाधनों, गाड़ियों और प्रशासनिक अमले का खुलकर राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया जा रहा है। यह कृत्य न केवल प्रशासनिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सीधा आघात है, जिससे जनता का तंत्र से भरोसा उठ रहा है।

शासकीय अमले की साठगांठ: वार्ड नंबर 11 के चुनाव प्रचार में दौड़ी सरकारी गाड़ियां

इस प्रशासनिक लापरवाही और पक्षपात का सबसे बड़ा प्रमाण 11 नवंबर 2026 को केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र के झालीजी का बराना में देखने को मिला। यहाँ वार्ड नंबर 11 से जिला परिषद प्रत्याशी सोनिया कहार के समर्थन में किए जा रहे चुनाव प्रचार के दौरान नगर निगम कोटा की आधिकारिक गाड़ियों और सरकारी सुरक्षा कर्मियों की सरेआम मौजूदगी दर्ज की गई। सरकारी खजाने से चलने वाले वाहनों और टैक्सपेर्स के पैसों से मिलने वाली सुरक्षा का इस प्रकार राजनीतिक रैलियों और प्रचार में झोंक दिया जाना इस बात का प्रमाण है कि सत्ताधारी नेताओं के लिए नियम-कानून केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह गए हैं।

डिजिटल साक्ष्यों का खुला खुलासे के बाद भी प्रशासन की आंखें बंद

हैरानी की बात यह है कि इन तमाम अवैध गतिविधियों के ठोस फोटो और वीडियो साक्ष्य सोशल मीडिया और फेसबुक प्लेटफॉर्म पर खुद सार्वजनिक रूप से अपलोड किए गए थे, जिन्हें हर जिम्मेदार अधिकारी ने देखा होगा। इसके बावजूद जिला निर्वाचन अधिकारी (बूंदी) और संबंधित महकमे द्वारा अब तक कोई भी ठोस कार्रवाई न किया जाना गहरी मिलीभगत या दबाव की ओर इशारा करता है। जब सोशल मीडिया पर खुलेआम सबूत तैर रहे हों, तब भी प्रशासन का कुंभकर्णी नींद में सोना न्याय प्रणाली और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर बड़े और गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।

जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग: दोषियों पर शिकंजा कसे बिना शांत नहीं बैठेंगे जनप्रतिनिधि

मामले की गंभीरता को समझते हुए वार्ड संख्या 06 की पार्षद आइना महक ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सभी डिजिटल साक्ष्य और सबूत आधिकारिक रूप से सौंप दिए हैं। अब यह प्रशासन की अग्निपरीक्षा है कि वह इस बात की निष्पक्ष जाँच करे कि किन परिस्थितियों और किसकी मौखिक या लिखित अनुमति से सरकारी वाहनों और प्रशासनिक कर्मचारियों को चुनाव मैदान में उतारा गया। यदि महापौर अनुसूया गोस्वामी और प्रत्याशी सोनिया कहार के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का सख्त मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह माना जाएगा कि प्रशासन खुद इस अनैतिक खेल में बराबर का भागीदार है।

TAGS: #पंचायती राज चुनाव #आचार संहिता #