रानी पद्मावती के शौर्य और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने का आह्वान, महिलाओं की वर्तमान चुनौतियों पर हुआ सार्थक मंथन
कोटा।अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, कोटा के तत्वावधान में रविवार को महावीर नगर तृतीय स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय के रामशान्ताय सभागार में भव्य जिला महिला सम्मेलन-2026 का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। सम्मेलन में जिले एवं विभिन्न खंडों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक विचारों, भारतीय संस्कृति, नारी गौरव और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर सार्थक विचार-विमर्श किया।
महिला उपाध्यक्ष रमा शर्मा एवं जिला महिला मंत्री अयोध्या पारेता ने बताया कि सम्मेलन तीन प्रमुख सत्रों में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे अल्पाहार के साथ हुआ।
प्रथम सत्र : संगठन की गौरवशाली विकास यात्रा पर विमर्श
प्रातः 11 से 12:15 बजे तक आयोजित प्रथम सत्र संगठन चर्चा को समर्पित रहा। इसकी अध्यक्षता जिला महिला उपाध्यक्ष रमा शर्मा ने की। मुख्य वक्ता जिला संगठन मंत्री रश्मि तंवर ने वर्ष 1954 में श्रद्धेय जयदेव जी पाठक द्वारा संगठन की स्थापना से लेकर वर्तमान स्वरूप एवं नाम परिवर्तन तक की संगठनात्मक विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों, विचारधारा एवं कार्यपद्धति की जानकारी देते हुए संगठन की भूमिका को रेखांकित किया। सत्र का संचालन जिला महिला मंत्री अयोध्या पारेता ने किया।
द्वितीय सत्र : रानी पद्मावती के शौर्य, स्वाभिमान और त्याग का प्रेरक प्रसंग
दोपहर 12:45 से 2:30 बजे तक आयोजित द्वितीय सत्र में रानी पद्मावती के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित भावपूर्ण लघु नाटिका का मंचन किया गया। राम शर्मा के निर्देशन में प्रस्तुत नाटिका ने उपस्थित मातृशक्ति को भावविभोर कर दिया।
सत्र की अध्यक्षता जिला महिला मंत्री अयोध्या पारेता ने की। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) की राष्ट्रीय उप सचिव सुषमा विश्नोई ने रानी पद्मावती के अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग एवं ऐतिहासिक जौहर के प्रसंगों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि रानी पद्मावती का जीवन भारतीय नारी के आत्मसम्मान, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है। आज की नारी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व एवं आत्मबल को मजबूत बनाना चाहिए। सत्र का संचालन जिला संगठन मंत्री रश्मि तंवर ने किया।
तृतीय सत्र : महिलाओं की चुनौतियों और समाधान पर हुआ मंथन
दोपहर 2:45 से 4 बजे तक आयोजित तृतीय सत्र में महिलाओं के समक्ष वर्तमान समय में उपस्थित विभिन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. नील प्रभा नाहर ने महिलाओं की समस्याओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। उन्होंने भारतीय संस्कृति के चार आधारभूत पुरुषार्थों धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की महत्ता समझाते हुए जीवन में इनके संतुलन एवं प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की।
सत्र की अध्यक्षता जिला महिला उपाध्यक्ष रमा शर्मा ने की तथा संचालन जिला मीडिया प्रकोष्ठ सदस्य नीलम शर्मा ने किया।
आभार एवं समापन
सम्मेलन के समापन अवसर पर जिला महिला उपाध्यक्ष रमा शर्मा ने जिले एवं विभिन्न खंडों से पधारी समस्त मातृशक्ति, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभागार उपलब्ध कराने के लिए विद्या भारती, रानी पद्मावती पर आधारित लघु नाटिका के प्रभावी मंचन एवं निर्देशन के लिए राम शर्मा तथा उपस्थित मातृशक्ति को उपहार भेंट कर सम्मानित करने के लिए श्रीराम ज्वेलर्स का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।संगठनात्मक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और महिला सशक्तीकरण के संदेश के साथ शाम 4 बजे सामूहिक भोजन मंत्र के पश्चात सम्मेलन का समापन हुआ।