21 संगठनों को 5,100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित, कोटा गणेश महोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की उठी मांग
कोटा, 15 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भव्यता से मनाने की अनूठी पहल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के तत्वावधान में रविवार को गीता भवन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना करने वाले 133 सामाजिक संगठनों को सम्मानित किया गया। इनमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित 21 संगठनों को अतिथियों द्वारा 5,100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मोजी बाबा पावन धाम के महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज, कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर माता नीति अंबाजी एवं कबीर आश्रम के संत प्रभाकर साहिब का सान्निध्य रहा। मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर तथा अध्यक्षता कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने की।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना भी हमारे पर्व और त्योहार पूरी भव्यता एवं उत्साह के साथ मनाए जा सकते हैं। धार्मिक आयोजनों में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के बदलाव और कृषि से जुड़ी उत्सवधर्मिता हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्राचीन परंपराओं को आधुनिक वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण हितैषी आवश्यकताओं के साथ जोड़कर ही एक जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना इस दिशा में सराहनीय पहल है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, उपमहापौर विवेक राजवंशी, रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व जिला जज जयपुर एसके जैन, रामकुमार मेहता, महासंघ संरक्षक मंडल के सदस्य एवं भाजपा ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष मुकुट नागर, एसएन गुप्ता, प्रदीप शर्मा, संजय रुंगटा, सत्यनारायण गुप्ता, दिनेश बंसल, अनिल खंडेलवाल तथा पीपी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एंकर नरेश कारा ने किया।
112 इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं का निशुल्क वितरण
अभियान की जानकारी देते हुए इको-फ्रेंडली श्री गणपति एवं नवदुर्गा क्लब के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि महासंघ पर्यावरण संरक्षण और सनातन परंपराओं के समन्वय के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी अभियान के तहत इस वर्ष विभिन्न सामाजिक संगठनों को 4 फीट एवं 6 फीट की कुल 112 इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की गईं। इनमें 56 प्रतिमाएं नवदुर्गा मंडलों तथा 56 प्रतिमाएं गणेश मंडलों को उपलब्ध कराई गईं। अभियान के अंतर्गत कुल 133 संगठनों को सम्मानित किया गया।
महासंघ के संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन 'कर्मयोगी' ने बताया कि कोटा जिले में 3 फीट से अधिक ऊंचाई की प्रतिमाएं स्थापित करने वाले गणेश एवं दुर्गा मंडलों की संख्या 1,000 से अधिक है। इन सभी संगठनों को अभियान से जोड़ने के लिए 10 सदस्यीय विशेष दल ने 10 दिनों तक विभिन्न पंडालों में पहुंचकर 600 से अधिक मंडलों से सीधा संपर्क किया। अभियान से संबंधित प्रमाणित जानकारियों को संकलित कर एक भव्य स्मारिका का भी प्रकाशन किया गया है।
गणेश महोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की मांग
समारोह के दौरान महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं विधायक संदीप शर्मा के समक्ष कोटा के गणेश महोत्सव को 'जिला महोत्सव' घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि कोटा में गणेश महोत्सव व्यापक जनभागीदारी और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित होता है। इसकी महत्ता को देखते हुए इसे जिला महोत्सव का दर्जा मिलना चाहिए। साथ ही महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर राजस्थान सरकार से भी स्थानीय गणेश एवं दुर्गा उत्सव मंडलों को विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम के अंत में अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, बसंत भरावा, हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह, योगेश शर्मा, अश्वत्थामा दाधीच, महावीर जैन एवं जितेंद्र जैन ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।इस समारोह के माध्यम से सामाजिक संगठनों ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना संभव है।