कोटा। भाई दूज एवं राष्ट्रीय प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शक्ति सरोवर, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी स्थित सेवा केंद्र पर सम्मान समारोह एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में कोटा की महापौर अनुसूया गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोटा संभाग प्रभारी एवं सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी द्वारा ईश्वरीय मुरली श्रवण से हुआ। उन्होंने कोटा एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों को दीपावली एवं भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान, पवित्रता और सकारात्मक चिंतन से जीवन को श्रेष्ठ एवं समाज को संस्कारित बनाया जा सकता है।
समारोह में उर्मिला दीदी ने अतिथियों का तिलक लगाकर, पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों का राजयोगिनी देविशा दीदी एवं राजयोगिनी प्रीति दीदी ने पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके पश्चात उर्मिला दीदी ने पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पत्रकारिता के माध्यम से समाज एवं जनहित में किए जा रहे उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि महापौर अनुसूया गोस्वामी सहित अन्य अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी संस्था की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाकर सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। वहीं समाजसेवियों और प्रतिभाओं का सम्मान उनके कार्यों को नई पहचान देने के साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों के लिए पवित्र ब्रह्मा भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन राजयोगिनी सपना दीदी ने किया। समारोह आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सद्भाव एवं सम्मान की भावना के साथ संपन्न हुआ।